श्रावण मास में कांवर यात्रा को लेकर जनपद इटावा में विशेष यातायात रूट डायवर्जन लागू
ब्यूरो विशाल समाचार इटावा
इटावा में सर्वसाधारण को सूचित किया जाता है कि श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवर लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक करने हेतु विभिन्न जिलों से यात्रा करते हैं। जनपद इटावा की सीमा में यह यात्रा थाना चौबिया क्षेत्र से प्रवेश कर बसरेहर, फर्रुखाबाद अंडर ब्रिज (NH-2), भरथना चौराहा, फर्रुखाबाद ओवर ब्रिज, साबितगंज, तहसील चौराहा व बल्देव चौराहा होते हुए नीलकंठ मंदिर तक पहुंचती है।
उल्लेखनीय है कि अधिकांश कांवर यात्री मध्यप्रदेश के भिंड जनपद से होते हैं, जो बल्देव चौराहा से रामगंज, पचराहा, छैराहा, टीटी तिराहा होते हुए उदी चौराहा से चंबल पुल पार कर थाना फूफ क्षेत्र से अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करते हैं। इसके अतिरिक्त, जनपद आगरा की दिशा में जाने वाले कांवर यात्री उदी चौराहा से दाहिनी ओर मुड़कर थाना बढ़पुरा, पछायगांव, चित्राहाट, बाह होते हुए आगरा सीमा में प्रवेश करते हैं। यात्रा के दौरान भारी वाहनों की आवाजाही से कांवरियों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है।
इसी के दृष्टिगत, श्रावण मास के मध्य पड़ने वाले सोमवारों को दिनांक 20 जुलाई 2025 (रविवार) प्रातः 08:00 बजे से दिनांक 21 जुलाई 2025 (सोमवार) सायं 20:00 बजे तक निम्नलिखित यातायात डायवर्जन लागू रहेगा:
भारी वाहनों के लिए डायवर्जन योजना:
1. फर्रुखाबाद की ओर से आने वाले भारी वाहन थाना चौबिया क्षेत्रान्तर्गत करी पुलिया से सैफई हवाई पट्टी, फिर आईटीआई चौराहा (NH-2) होकर अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
2. इकदिल से फर्रुखाबाद जाने वाले भारी वाहन आईटीआई चौराहा, सैफई हवाई पट्टी, करों पुलिया होकर प्रस्थान करेंगे।
3. इटावा बस स्टैंड से फर्रुखाबाद जाने वाली रोडवेज बसें चौधरी पेट्रोल पंप, एसएसपी चौराहा, आईटीआई चौराहा, सैफई हवाई पट्टी व करी पुलिया होकर जाएंगी।
4. मानिकपुर मोड़ से फर्रुखाबाद की ओर जाने वाले भारी वाहन पक्का बाग (अंडर ब्रिज NH-2) से दाहिनी ओर मुड़कर बकेवर, भरथना होकर जाएंगे।
5. लुहन्ना चौराहे से यमुना ब्रिज की ओर जाने वाले वाहन सांई धर्मकांटा, सराय भूपत होकर अपने गंतव्य को प्रस्थान करेंगे।
6. चकरनगर से उदी मोड़ की ओर जाने वाले वाहन NH-2 के माध्यम से चकरनगर से बकेवर होकर आगे बढ़ेंगे।
शहर क्षेत्र में ई-रिक्शा / ऑटो प्रतिबंध:
1. काजी पंप से साबितगंज की ओर ई-रिक्शा/ऑटो का प्रवेश वर्जित रहेगा।
2. नौरंगाबाद चौराहा से साबितगंज की ओर कोई ई-रिक्शा/ऑटो नहीं जाएगा।
3. राजागंज से बल्देव चौराहा की दिशा में ई-रिक्शा/ऑटो प्रतिबंधित रहेंगे।
4. रामगंज चौराहा से तहसील चौराहा/साबितगंज की ओर ऑटो व ई-रिक्शा नहीं चल सकेंगे।
कांवड यात्रा का मार्ग:
कांवड़ यात्री श्रंगीरामपुर (जनपद फतेहगढ़) से गंगाजल भरकर जनपद इटावा में थाना ऊसराहार के रास्ते प्रवेश करते हैं। इसके बाद कर्री पुलिया, थाना चौबिया, भरथना चौराहा, गुरु तेग बहादुर ब्रिज (यू-टर्न), साबितगंज, नया शहर, तहसील चौराहा, बल्देव चौराहा, राजागंज, पचराहा, छैराहा, टीटी तिराहा होते हुए अपने गंतव्यों की ओर बढ़ते हैं।
प्रशासन ने आमजन से अनुरोध किया है कि वह निर्धारित अवधि में सहयोग करें एवं वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर प्रशासनिक व्यवस्था को सफल बनाने में सहभागिता निभाएं।


