रीवा

राष्ट्र की रक्षा के लिए विचारों में स्पष्टता, उद्देश्य में दृढ़ता और अनुशासन आवश्यक है – नौसेना अध्यक्ष 

राष्ट्र की रक्षा के लिए विचारों में स्पष्टता, उद्देश्य में दृढ़ता और अनुशासन आवश्यक है – नौसेना अध्यक्ष 

आज का युवा ही कल का राष्ट्र निर्माता है – नौसेना अध्यक्ष श्री त्रिपाठी 

आत्मसंयम, समय का सम्मान, राष्ट्रभक्ति और नेतृत्व के गुण सफलता के मूलमंत्र हैं

 

ब्यूरो विशाल समाचार रीवा 

रीवा. विन्ध्य क्षेत्र के गौरव और भारतीय नौसेना के अध्यक्ष एडमिरल दिनेश त्रिपाठी ने ठाकुर रणमत सिंह महाविद्यालय रीवा में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को प्रेरक उद्बोधन दिया। एडमिरल त्रिपाठी ने कहा कि राष्ट्र की रक्षा केवल शस्त्रों और सीमाओं की निगरानी से ही नहीं होती है। इसके लिए विचारों में स्पष्टता, उद्देश्य में दृढ़ता और अनुशासन में निरंतरता आवश्यक है। आज का युवा ही कल का राष्ट्र निर्माता है। युवाओं का दृष्टिकोण और संकल्पशक्ति ही देश की दिशा और दशा तय करते हैं।

 

एडमिरल त्रिपाठी ने अपने गौरवमयी सैन्य जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि आत्मसंयम, समय का सम्मान, राष्ट्रभक्ति और नेतृत्व के गुण किसी भी क्षेत्र में सफलता के मूलमंत्र हैं। हर विद्यार्थी को अच्छी शिक्षा प्राप्त करने के साथ समाज के लिए अनुकरणीय योगदान देना चाहिए। वर्तमान शताब्दी भारत की शताब्दी है। देश को उन्नति की ऊंचाईयों तक ले जाने और समग्र विकास में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। हर युवा को अपनी प्रतिभा और कठिन परिश्रम से समाज को सर्वोत्तम योगदान देना है। जीवन की असफलताओं से सीख लेकर मन की हताशा को मिटाकर पूरे उत्साह के साथ अपने लक्ष्य की पूर्ति का प्रयास करना चाहिए। जीवन में सदैव सकारात्मक दृष्टिकोण से उत्साह के साथ आगे बढ़ने के प्रयास करें। उन्होंने नौसेना का उदाहरण देते हुए कहा कि नौसेना, थलसेना और वायुसेना से समन्वय बनाकर संयुक्त शक्ति के रूप में राष्ट्र की रक्षा करती है। आगे बढ़ने और सफलता प्राप्त करने के लिए समन्वय के साथ ही प्रयास करना होगा। नौसेना अध्यक्ष ने विद्यार्थियों को नशामुक्त भारत की शपथ दिलाई।

 

ठाकुर रणमत सिंह महाविद्यालय पहुंचने पर नौसेना अध्यक्ष श्री त्रिपाठी का आत्मीय और भावभीना स्वागत किया गया। एनसीसी कैडेट्स ने नौसेना अध्यक्ष को गार्ड ऑफ आनर प्रस्तुत करके गरिमा प्रदान की। समारोह में प्राचार्य डॉ अर्पिता अवस्थी ने मुख्य अतिथि एडमिरल त्रिपाठी को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री राजेन्द्र ताम्रकार ने नौसेना अध्यक्ष का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया। संस्था की ओर से नौसेना अध्यक्ष को अभिनंदन पत्र भेंट किया गया। समारोह में छात्राओं द्वारा बनाए गए एडमिरल त्रिपाठी के स्केच को भेंट किया गया। कार्यक्रम का संयोजन और समन्वय डॉ अमित तिवारी ने किया। कार्यक्रम का संचालन समाजशास्त्र के विभागाध्यक्ष डॉ अखिलेश शुक्ल ने किया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह, प्रोफेसर संजय शंकर मिश्रा, प्रोफेसर अजय शंकर पाण्डेय, डॉ महानंद द्विवेदी, महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापकगण तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button