पूणे

चंदननगर में पूर्व सैनिकों को प्रताड़ित करने की घटना पर पुलिस आयुक्त का खेद, दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

चंदननगर में पूर्व सैनिकों को प्रताड़ित करने की घटना पर पुलिस आयुक्त का खेद, दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

 

पुणे: चंदननगर क्षेत्र में मुस्लिम समुदाय के घरों में जबरन घुसकर उन्हें बांग्लादेशी करार देने की कोशिश करने वाले कथित हिंदुत्ववादी तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर नेशनल कॉन्फ्रेंस फॉर माइनॉरिटी की ओर से आज पुणे पुलिस आयुक्त श्री अमितेश कुमार से मुलाकात की गई। इस दौरान पूर्व सैनिकों के परिजनों ने पुलिस आयुक्त को संपूर्ण घटनाक्रम विस्तार से बताया।

घटना पर खेद व्यक्त करते हुए पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने कहा कि “सैन्य बल में कार्यरत किसी भी परिवार के साथ इस प्रकार की घटना अत्यंत निंदनीय है। ऐसा कृत्य करने वालों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

घटना दिनांक 26 जुलाई की रात हुई, जब चंदननगर क्षेत्र में रहने वाले शमशाद शेख के घर में बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद और सकल हिंदू समाज वडगांवशेरी के नाम पर कुछ लोग जबरन घुस आए। खुद को हिंदुत्ववादी बताने वाले इन व्यक्तियों ने परिवार को रोहिंग्या और बांग्लादेशी कहकर अपमानित किया तथा घर में हंगामा किया। पीड़ित परिवार द्वारा पुलिस में शिकायत दिए जाने के बाद भी कोई कार्रवाई न होने के चलते आज उन्होंने नेशनल कॉन्फ्रेंस फॉर माइनॉरिटी के राहुल डंबाळे के नेतृत्व में पुलिस आयुक्त से भेंट की।

इस अवसर पर सह पुलिस आयुक्त श्री रंजन कुमार शर्मा, अपर पुलिस आयुक्त श्री मनोज कुमार पाटील सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी उपस्थित थे।

पुलिस आयुक्त श्री अमितेश कुमार ने शिष्टमंडल को आश्वस्त किया कि—

“पुणे शहर में किसी भी प्रकार की धार्मिक विद्वेष की कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो लोग कानून का पालन नहीं करेंगे और भ्रामक अथवा गलत जानकारी फैलाकर अपना एजेंडा चलाने का प्रयास करेंगे, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। कोई भी नागरिक धार्मिक भय में न रहे, ऐसे तत्वों के विरुद्ध हम पूरी तरह सक्षम हैं और सख्ती से निपटेंगे।”

इस अवसर पर मानवाधिकार कार्यकर्ता एड. असीम सरोदे, शहाबुद्दीन शेख, वसीम सैयद, अफज़ल खान, अज़हर खान, मुफ्ती शाहिद, एड. तौसीफ शेख, आतिफ शेख, जावेद शेख, फिरोज़ खान, करीम शेख, समीर शेख, अस्लम सैयद, सूफियान तांबोली, शाहरुख शेख, सादमान खान, साहिल खान, इम्तियाज़ खान, हुसैन शेख सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

राहुल डंबाळे (नेशनल कॉन्फ्रेंस फॉर माइनॉरिटी) ने कहा—

“हाल के दिनों में पुणे शहर में धार्मिक ध्रुवीकरण की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास बार-बार कुछ खास व्यक्तियों और संगठनों द्वारा किया जा रहा है। ऐसे लोगों पर कठोर कार्रवाई आवश्यक है। आने वाले समय में ऐसे समाजविरोधी एवं ध्रुवीकरण फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ हमारी लड़ाई और अधिक ताकत के साथ लड़ी जाएगी।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button