दिल्ली

लाल किले की सुरक्षा में गंभीर चूक, 7 पुलिसकर्मी निलंबित — स्वतंत्रता दिवस से पहले अलर्ट पर दिल्ली पुलिस

लाल किले की सुरक्षा में गंभीर चूक, 7 पुलिसकर्मी निलंबित — स्वतंत्रता दिवस से पहले अलर्ट पर दिल्ली पुलिस

 

नई दिल्ली: स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। ऐतिहासिक लाल किले में सुरक्षा अभ्यास के दौरान नकली बम की पहचान न कर पाने पर दिल्ली पुलिस के सात कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। निलंबित कर्मियों में कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल शामिल हैं।

 

दिल्ली पुलिस के अनुसार, 79वें स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के तहत शनिवार को एक सुरक्षा अभ्यास किया गया। इस अभ्यास में स्पेशल सेल की टीम ने आम नागरिकों की वेशभूषा में लाल किले के भीतर एक डमी बम के साथ प्रवेश किया। वहां तैनात पुलिसकर्मी न तो बम की पहचान कर सके, न ही संदिग्ध गतिविधियों को रोक पाए। इसी चूक के चलते संबंधित सात पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है।

 

पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई अन्य पुलिस बलों को सतर्क और ज़िम्मेदार बनाने हेतु की गई है। स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर सुरक्षा में कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लाल किले से प्रधानमंत्री राष्ट्र को संबोधित करते हैं और इस दौरान देश-विदेश से कई विशिष्ट अतिथि और आम लोग मौजूद रहते हैं।

 

इस बीच, पुलिस ने लाल किला परिसर में घुसने की कोशिश कर रहे पांच बांग्लादेशी नागरिकों को भी हिरासत में लिया है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि ये सभी अवैध रूप से भारत में रह रहे थे और दिल्ली में मज़दूरी करते हैं। इनके पास से बांग्लादेशी पहचान संबंधी कुछ दस्तावेज़ मिले हैं, हालांकि अभी तक कुछ भी संदिग्ध बरामद नहीं हुआ है। पूछताछ जारी है।

 

दिल्ली पुलिस ने कहा है कि स्वतंत्रता दिवस तक राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता किया जाएगा और सभी संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त निगरानी रखी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button