
इटावा त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन नामावली के वृहद पुनरीक्षण के सम्बन्ध में बैठक आयोजित की गई
ब्यूरो विशाल समाचार इटावा
इटावा त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन नामावली के वृहद पुनरीक्षण के सम्बन्ध में जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि बी0एल0ओ0 का प्रशिक्षण कराया जाए साथ ही उन्होंने बी0एल0ओ0 नियुक्त करने के आदेश दिए, जिसपर अपर जिलाधिकारी द्वारा बताया गया कि अब तक 658 बी0एल0ओ0 नियुक्त किए गए हैं। जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि सभी बी0एल0ओ0 को वार्ड के परिसीमन से अवगत होना आवश्यक है साथ ही उन्होंने कहा कि प्रत्येक बी0एल0ओ0 को उनके वार्ड का मानचित्र उपलब्ध कराया जाए जिससे कार्य करने में कोई समस्या उत्पन्न ना हो। उन्होंने कहा कि विवादित व्यक्तियों एवं जो राजनीति से सम्बन्ध रखते हो उन्हें बी0एल0ओ0 नियुक्त ना किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची वार्ड वाइस प्राप्त कराई जाए साथ ही उन्होंने कहा कि बी0एल0ओ0 को निर्देशित किया जाए कि 01 जनवरी, 2025 में जिनकी 18 साल की आयु पूरी हो गई हो उन्हें ही मतदाता सूची में जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि स्थाई निवासी को ही मतदाता सूची में सम्मिलित किया जाए साथ ही उन्होंने कहा कि मतदाता सूची फीड करते समय फर्जी नाम न बढ़ाए जाएं इस विशेष ध्यान दिया जाए एवं जहां फीडिंग कराई जाए वहां पर पुलिस की तैनाती अवश्य कराई जाए। उन्होंने ए0ई0आर0ओ0 और तहसीलदार को निर्देशित करते हुए कहा कि उनके द्वारा भेजी गई मतदाता सूची को फीडिंग के बाद पुनः अवलोकन किया जाए। उन्होंने कहा कि जो लड़कियां शादी करके चली जाती है उनका नाम मतदाता सूची से हटाया जाए।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, समस्त उप जिलाधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ राजेश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी बनवारी सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रमेश चंद्र सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।

