पूणे

अब 31 अक्टूबर तक रियायती दर पर देखी जा सकेगी ‘शिवसृष्टी’ – अभय भुतड़ा फाउंडेशन ने दी 75 लाख रुपये की सहायता

अब 31 अक्टूबर तक रियायती दर पर देखी जा सकेगी ‘शिवसृष्टी’ – अभय भुतड़ा फाउंडेशन ने दी 75 लाख रुपये की सहायता

 

पुणे,:  15 मई से पिछले तीन महीनों में दीड लाख से अधिक शिवप्रेमियों द्वारा भ्रमण की गई ‘शिवसृष्टी’ को लेकर नागरिकों की मांग पर अब रियायती प्रवेश शुल्क की अवधि 31 अक्टूबर 2025 तक बढ़ा दी गई है। इस अवधि में प्रत्येक दर्शक केवल 75 रुपये के नाममात्र शुल्क पर ‘शिवसृष्टी’ का अनुभव कर सकेगा। इसकी घोषणा महाराजा शिवछत्रपति प्रतिष्ठान के न्यासी व ‘शिवसृष्टी’ परियोजना के अध्यक्ष जगदीश कदम ने आज आयोजित पत्रकार परिषद में की।

 

इस पहल के लिए पुणे स्थित अभय भुतड़ा फाउंडेशन ने 75 लाख रुपये की उदार सहायता दी है। इस अवसर पर अभय भुतड़ा फाउंडेशन के अभय भुतड़ा, परियोजना के न्यासी अमृत पुरंदरे, सुनील मुतालिक, विनीत कुबेर, परियोजना सलाहकार मनोज पोचट तथा प्रशासनिक अधिकारी अनिल पवार उपस्थित थे।

 

जगदीश कदम ने बताया कि कै. पद्मविभूषण शिवशाहीर बाबासाहेब पुरंदरे की संकल्पना से साकार हो रही ‘शिवसृष्टी’ के दो चरण पूर्ण हो चुके हैं, जबकि तीसरे चरण का कार्य तेजी से जारी है। इससे पहले अभय भुतड़ा फाउंडेशन ने 50 लाख रुपये की सहायता दी थी, जिसके चलते 15 मई से 15 अगस्त तक रियायती दर पर प्रवेश उपलब्ध रहा और इस अवधि में दीड लाख से अधिक नागरिकों ने शिवकाळ का अनुभव किया। अब पुनः 75 लाख रुपये की सहायता से यह रियायत 31 अक्टूबर तक बढ़ा दी गई है।

 

नई प्रवेश शुल्क व्यवस्था

पहले प्रवेश शुल्क वयस्कों के लिए 600 रुपये और 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए 300 रुपये था। नई व्यवस्था में 15 अगस्त से 31 अक्टूबर तक सभी दर्शकों के लिए प्रवेश शुल्क मात्र 75 रुपये रहेगा। पंजीकरण ‘शिवसृष्टी’ की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन होगा। 5 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

शिवसृष्टी’ की मुख्य आकर्षण

21 एकड़ में फैला ऐतिहासिक थीम पार्क – पुणे के अंबेगांव बु. में स्थित

‘टाइम मशीन थिएटर’ – 360° घूमने वाला विशेष रोटेटिंग थिएटर, 36 मिनट का शो, एक बार में 100 दर्शक

‘दुर्गवैभव’, ‘रणांगण’, महाराज की आगरा से सुटके का दृश्य, ‘श्रीमंत योगी’ दालन, ‘सिंहासनाधीश्वर’ राज्याभिषेक दृश्य

प्रतापगढ़ स्थित तुलजा भवानी मंदिर की प्रतिकृति, गंगासागर तालाब, उच्च गुणवत्ता वाली ऐतिहासिक पेंटिंग्स महाराज के युद्धों और राज्य व्यवस्था की विस्तृत जानकारी

 

तीसरे चरण की झलक

65 हजार वर्ग फुट में रायगढ़ के राज्याभिषेक सोहले का पुनर्निर्माण होगा, जिसे अंग्रेज अधिकारी हेनरी ऑक्सिंन्टन के वर्णनानुसार अत्याधुनिक होलोग्राफी, ऑगमेंटेड रियलिटी (AR) और वर्चुअल रियलिटी (VR) तकनीक से साकार किया जाएगा। इसके लिए इंडिगो एयरलाइंस ने सीएसआर के तहत 30 करोड़ रुपये की सहायता की घोषणा की है।

 

अभय भुतड़ा ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य अधिकाधिक नागरिकों, विशेषकर युवा पीढ़ी, को छत्रपति शिवाजी महाराज का इतिहास, उनके संघर्ष, स्वराज्य की संकल्पना, दूरदृष्टि और आदर्शों से परिचित कराना है, ताकि स्वराज, स्वभाषा और स्वधर्म के विचारों का व्यापक प्रसार हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button