
सीतामढ़ी में उड़ान परियोजना का अध्ययन, किशोरियों के सशक्तिकरण पर जोर
विशाल समाचार संवाददाता सीतामढ़ी
सीतामढ़ी: महिला एवं बाल विकास निगम के निर्देशानुसार तथा जिला प्रशासन और यूनिसेफ के सहयोग से उड़ान परियोजना के अंतर्गत किशोरियों के सशक्तिकरण एवं समग्र विकास को लेकर विशेष अध्ययन किया गया। इस दौरान किशोरियों, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न हितधारकों से संवाद स्थापित कर उनकी राय ली गई। इस अध्ययन का उद्देश्य किशोरियों के सर्वांगीण विकास के लिए नीतियां तैयार करना, सामने आने वाली चुनौतियों का समाधान खोजना और हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। यह मूल्यांकन कार्य टारुटियम ग्लोबल कंसल्टिंग संस्था द्वारा संपन्न किया गया।अध्ययन के दौरान शिक्षा, सशक्तिकरण और भविष्य की दिशा तय करने को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव सामने आए। टारुटियम ग्लोबल कंसल्टिंग संस्था के पर्यवेक्षक अभिषेक कुमार ने कहा, उड़ान परियोजना के तहत सीतामढ़ी जिले में कम समय में किए गए कार्य सराहनीय हैं।

इस अध्ययन से प्राप्त सुझाव भविष्य की नीतियों को और बेहतर बनाने में मदद करेंगे। प्रथम संस्था के जिला समन्वयक सुधीर कुमार ने कहा, किशोर-किशोरियों का विकास ही समाज की प्रगति की कुंजी है। यह अध्ययन परिहार प्रखंड के नरंगा दक्षिणी, नरंगा उत्तरी तथा सुरसंड प्रखंड के बनौली और कुम्मा पंचायतों में किया गया। इस अवसर पर टारुटियम ग्लोबल कंसल्टिंग संस्था के पर्यवेक्षक अभिषेक कुमार, सर्वेक्षक धर्मेंद्र कुमार, रजनी कुमारी, सोनी कुमारी, प्रथम संस्था प्रतिनिधि बीरेंद्र कुमार, विकास मित्र ललन बैठा, बेचन राम, सागर देवी सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।



