
इटावा में भूमि विवादों के त्वरित समाधान हेतु श्रावस्ती मॉडल पर विशेष अभियान सफलतापूर्वक जारी
विशाल समाचार संवाददाता इटावा
इटावा में जन शिकायतों का, विशेष रूप से भूमि विवादों का त्वरित एवं प्रभावी गुणवत्तापूर्ण समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में है। इसी दृष्टिगत आयुक्त महोदय, कानपुर मण्डल, कानपुर के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी इटावा, श्री शुभ्रान्त कुमार शुक्ल द्वारा दिनांक 06.05.2025 से जनपद में भूमि विवादों का समाधान श्रावस्ती मॉडल के आधार पर प्रारम्भ किया गया है।
यह अभियान जनपद की सभी 06 तहसीलों तथा 20 थानों में सप्ताह के दो दिन—मंगलवार एवं गुरुवार—को संचालित किया जाता है। अभियान में सर्वाधिक भूमि विवाद वाले ग्रामों को चयनित कर राजस्व एवं पुलिस की 10 सदस्यीय संयुक्त टीमें ग्राम के सभ्रान्त लोगों की उपस्थिति में आपसी बातचीत, सुलह-समझौता, जाँच व पैमाइश के माध्यम से विवादों का समाधान करती हैं। इन टीमों का नेतृत्व उप जिलाधिकारी/तहसीलदार/नायब तहसीलदार एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी/थाना प्रभारी/उप निरीक्षक द्वारा किया जाता है।
जनपद स्तर पर इस अभियान का पर्यवेक्षण अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०), श्री अभिनव रंजन श्रीवास्तव द्वारा तथा तहसील स्तर पर सम्बन्धित उप जिलाधिकारी द्वारा किया जाता है।
आज दिनांक 21.08.2025 को जनपद की सभी 06 तहसीलों के अन्तर्गत कुल 12 ग्रामों में संयुक्त टीमें विवाद समाधान हेतु पहुँचीं। उन्होंने कुल 64 मामलों को चिन्हित कर संबंधित पक्षों से बातचीत, जाँच एवं पैमाइश कराते हुए शत-प्रतिशत मामलों का समाधान कराया। इस दौरान 3.7174 हे० भूमि अवैध कब्जों से मुक्त करायी गई, जिसमें—
18 नाली,24 रास्ते,01 तालाब,01 चारागाह,02 खाद के गड्ढे,03 नवीन परती/बंजर भूमि,02 कब्रिस्तान/श्मशान भूमि,11 अन्य प्रकार की भूमिका समाधान कराया गया।
अभियान के प्रारम्भ से अब तक जनपद में क्रमिक रूप से 470 ग्रामों में कुल 2676 प्रकरणों का निस्तारण कराते हुए 304.6003 हे० भूमि अवैध कब्जों से मुक्त कराई जा चुकी है।

