पूणे

पुणे ग्रैंड टूर साइकिल प्रतियोगिता – सभी विभाग समन्वय से कार्य कर सफल बनाएं : उपमुख्यमंत्री अजित पवार

पुणे ग्रैंड टूर साइकिल प्रतियोगितासभी विभाग समन्वय से कार्य कर सफल बनाएं : उपमुख्यमंत्री अजित पवार

 

पुणे:  उपमुख्यमंत्री एवं जिले के पालकमंत्री अजित पवार ने कहा कि पुणे ग्रैंड चैलेंज टूर साइकिल प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए सभी विभागों को सूक्ष्म नियोजन के साथ समन्वय से कार्य करना होगा। वे विभागीय आयुक्त कार्यालय में आयोजित आढावा बैठक में बोल रहे थे।

 

बैठक में विभागीय आयुक्त डॉ. चंद्रकांत पुलकुंडवार, पुणे पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार, पिंपरी चिंचवड़ पुलिस आयुक्त विनय चौबे, पुणे महानगरपालिका आयुक्त नवल किशोर राम, खेल आयुक्त शीतल उगले, जिलाधिकारी जितेंद्र डुडी, पीएमआरडीए आयुक्त योगेश म्हसे, पुलिस अधीक्षक संदीपसिंह गिल्ल, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गजानन पाटील समेत विभिन्न विभागों के प्रमुख उपस्थित थे।

 

अजित पवार ने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता पहली बार पुणे में हो रही है, इसलिए इसके सफल आयोजन के लिए सभी विभागों का सहयोग आवश्यक है। विभागीय आयुक्त हर 15 दिन में बैठक लेकर प्रगति की समीक्षा करें। यह राज्य सरकार का महत्वपूर्ण उपक्रम है और इसके आयोजन की जिम्मेदारी सभी यंत्रणाओं पर है।

 

उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध होर्डिंग नहीं लगने चाहिए। शहर का विद्रूपीकरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। केवल अधिकृत होर्डिंग पर ही बैनर लगाने की अनुमति होनी चाहिए, इसके लिए महापालिका को विशेष सतर्कता बरतनी होगी।

 

पवार ने निर्देश दिए कि इस उपक्रम से जुड़ा हर कार्य गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। पुणे महानगरपालिका और सार्वजनिक निर्माण विभाग को अपने-अपने कार्यक्षेत्र का काम 30 नवंबर 2025 तक पूरा करना होगा।

 

बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, सार्वजनिक निर्माण विभाग, खेल विभाग, जिला परिषद और पीएमआरडीए के कार्यों की समीक्षा की गई। पुणे महानगरपालिका आयुक्त नवल किशोर राम ने नगर निगम की तैयारियों की जानकारी दी। पिंपरी चिंचवड़ महानगरपालिका, पुलिस विभाग और पीडब्ल्यूडी ने भी अपने कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया।

 

बैठक की प्रस्तावना में जिलाधिकारी जितेंद्र डुडी ने पुणे ग्रैंड टूर के उपक्रम की रूपरेखा बताई।

 

इस आढावा बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने गणेशोत्सव संबंधी तैयारियों की समीक्षा भी की। इस दौरान पुणे पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने जुलूस, भीड़ प्रबंधन, भक्तों की सुविधाओं, यातायात व्यवस्था और गणपति मंडलों के मार्गों के बारे में जानकारी दी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button