
“किसान सहकारी चौपाल” एवं LED युक्त प्रचार वाहन का उद्घाटन माननीय मंत्री, सहकारिता विभाग, डॉ. प्रेम कुमार द्वारा किया गया
“सहकारिता की मजबूती ही किसानों की प्रगति का आधार है।”
विशाल समाचार संवाददाता सीतामढ़ी
सीतामढ़ी में दिनांक 26 अगस्त 2025 को दीप नारायण सिंह क्षेत्रीय सहकारी प्रबंध संस्थान, शास्त्री नगर, पटना में सहकारिता विभाग, बिहार सरकार द्वारा आयोजित “किसान सहकारी चौपाल” कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय मंत्री, सहकारिता विभाग, डॉ. प्रेम कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर विभागीय योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए LED युक्त प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर उन्होंने रवाना भी किया। इस दौरान एक नुक्कड़ नाटक का आयोजन कर विभाग की योजनाओं की जानकारी दी गई।
किसान सहकारी चौपालों का आयोजन जिलों के चयनित पैक्स एवं व्यापार मंडलों में किया जाएगा। इसमें पैक्स प्रतिनिधि, किसान, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी भी भाग लेंगे। इसके जरिए विभाग की विभिन्न योजनाओं जैसे खाद्यान्न आधारित, फसल सहायता योजना, कॉमन सर्विस सेंटर, पैक्स कम्प्यूटरीकरण, भंडारण सुविधा, प्राथमिक कृषि उत्पादन सहकारी समितियां, दुग्ध, मत्स्य, मधुमक्खी समिति आदि से संबंधित जानकारी सभी सहकारी समितियों के सदस्यों को दी जाएगी।
इस अवसर पर माननीय मंत्री, सहकारिता विभाग, डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि सहकारिता की मजबूती ही किसानों की प्रगति का आधार है। विभाग की विभिन्न योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना सहकारिता विभाग की प्राथमिकता है। राज्य सरकार अच्छा काम करने वाले पैक्स को पुरस्कृत करने जा रही है। सहकारिता विभाग ने मुख्यमंत्री आईटी पैक्स प्रोत्साहन योजना 2025-26 के तहत आवेदन आमंत्रित किया है, जिसमें प्रत्येक जिले के तीन पैक्सों एवं राज्य स्तर पर तीन पैक्सों को पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सहकारिता विभाग की ओर से आयोजित होने वाले किसान सहकारी चौपाल एवं LED युक्त प्रचार वाहन द्वारा किसानों एवं पैक्स सदस्यों तक विभागीय योजनाओं की जानकारी सहज एवं प्रभावी रूप से पहुंचाई जाएगी।
आगामी 05 सितम्बर 2025 को उत्तर बिहार के सभी जिलों में किसान सहकारी चौपाल का आयोजन होगा। इन चौपालों में सहकारिता विभाग की योजनाओं की जानकारी किसानों को दी जाएगी। किसानों के कल्याण के लिए सहकारिता विभाग लगातार कई योजनाएं चला रहा है।
आज के कार्यक्रम में सचिव, सहकारिता विभाग श्री धर्मेंद्र सिंह, निबंधक सहयोग समितियां श्री अंशुल अग्रवाल, अपर सचिव सहकारिता विभाग श्री अमर कुमार सिंह, अपर निबंधक सहयोग समितियां श्री प्रलय कुमार सहित सहकारिता विभाग के अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में दीप नारायण सिंह क्षेत्रीय सहकारी प्रबंध संस्थान के निदेशक श्री ओम रंजन सहित पटना जिले के सभी पैक्स सदस्य उपस्थित रहे एवं राज्य के अन्य जिलों के पैक्स अध्यक्ष एवं विभागीय पदाधिकारी ऑनलाइन कॉन्फ्रेंसिंग माध्यम से जुड़े।
—



