
महिला पर लड़कियों की खरीद-फरोख्त का आरोप:हमीरपुर में युवती ने किया हंगामा, जांच में जुटी पुलिस
विशाल समाचार नेटवर्क टीम
हमीरपुर जनपद के राठ कस्बे में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवती ने एक महिला पर चार लाख रुपए में बेचने का आरोप लगाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। यह घटना नगर के उरई बस स्टैंड के पास हुई
स्थानीय लोगों ने युवती को सुरक्षित करते हुए तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
कानपुर देहात के पुखरायां थाना क्षेत्र की युवती ने बताया कि उरई निवासी एक महिला उसे खरीदकर लाई थी और बाद में 4 लाख रुपए में बेच दिया। युवती का आरोप है कि महिला उसे राठ कस्बे के एक ब्यूटी पार्लर में तैयार कराने के लिए ले गई थी। जब उसे अपनी खरीद-फरोख्त की जानकारी हुई तो उसने किसी तरह भागकर जान बचाई। युवती का यह भी कहना है कि आरोपी महिला लड़कियों की सप्लाई का धंधा करती है।
वहीं, मामले पर राठ कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर ने युवती के आरोपों को निराधार बताया। पुलिस के मुताबिक, दूसरी महिला के पति अजय ने लगभग पांच माह पहले फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। अजय की पत्नी अपने पति की मौत के लिए इसी युवती को जिम्मेदार मानती है और आज तलाशते हुए उसे राठ में पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, पकड़े जाने के बाद युवती ने यह झूठा आरोप लगाया है।

फिलहाल, पुलिस दोनों महिलाओं से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सत्यता सामने आने के बाद ही उचित कार्रवाई की जाएगी।



