
पूजा पंडाल भी सुरक्षित नहीं पंडाल में फायरिंग, बाल-बाल बचे विधायक और पूर्व विधायक राम नरेश यादव
सीतामढ़ी में दबंगों के हौसले बुलंद पूजा स्थल भी सुरक्षित,पुलिस प्रशासन की लापरवाही सामने आ रही है?
कुणाल किशोर सीतामढ़ी संवाददाता
सीतामढ़ीः परिहारः थाना क्षेत्र के बाबा परिहार ठाकुर मंदिर परिसर में आयोजित गणपति पूजा उत्सव पंडाल में रविवार रात फायरिंग की घटना हुई। इसके बाद वहां अफरा तफरी मच गई। फायरिंग के बाद मारपीट की घटना भी हुई। यह घटना विधायक गायत्री देवी एवं उनके पति पूर्व विधायक रामनरेश यादव के सामने हुई। इस घटना में दोनों बाल बाल बच गए। बताया जा रहा है कि रविवार की शाम किसी बात को लेकर पूजा समिति के कुछ सदस्यों एवं अन्य लोगों के बीच विवाद हुआ था। उस समय मामला को किसी तरह शांत करा लिया गया था। रविवार रात विधायक गायत्री देवी एवं उनके पति पूर्व विधायक रामनरेश यादव पूजा पंडाल में आयोजित जागरण कार्यक्रम का उद्घाटन करने पहुंचे थे। उद्घाटन के बाद विधायक व पूर्व विधायक पूजा समिति के सचिव प्रीतम कुमार प्यारे व अन्य लोगों के साथ पंडाल से बाहर आ रहे थे।
इसी दौरान किसी ने फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि फायरिंग पूजा समिति के सचिव प्रीतम कुमार प्यारे को टारगेट कर की गई थी। हालांकि प्रीतम या किसी अन्य को गोली नहीं लगी। इसके बाद फायरिंग करने वाले एवं उसके कुछ अन्य साथियों ने मिलकर प्रीतम की जमकर पिटाई कर दी, जिससे प्रीतम गंभीर रूप से जख्मी हो गए। बताया गया है कि बीच बचाव करने के दौरान पूर्व विधायक रामनरेश यादव को भी हल्की चोटें आई हैं। दोनों को इलाज के लिए स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया गया है। सूचना पर डीएसपी मुख्यालय आशीष आनंद सीएचसी पहुंचकर विधायक से मामले की जानकारी ली। इस संबंध में पूर्व विधायक राम नरेश यादव ने मोबाइल पर बताया कि घटना राजद से जुड़े लोगों के द्वारा अंजाम दिया गया है।



