सीतामढ़ीअपराध

चरस तस्करी के बड़े नेटवर्क का पुलिस ने किया भंडाफोड़

चरस तस्करी के बड़े नेटवर्क का पुलिस ने किया भंडाफोड़

 

18.5 किलो चरस, 3.5 किलो गांजा के साथ तीन गिरफ्तार

कुणाल किशोर सीतामढ़ी संवाददाता 

सीतामढ़ीः बिहार पुलिस की विशेष कार्य बल एसटीएफ और सीतामढ़ी पुलिस ने संयुक्त अभियान में अंतरराज्यीय चरस तस्करी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में नेपाल के दो और सीतामढ़ी के एक तस्कर को 18.5 किलो चरस, 3.5 किलो गांजा और अन्य सामान के साथ गिरफ्तार किया गया है। इसकी जानकारी एसपी अमित रंजन ने अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस कांफ्रेंस में दी है।

 

उन्होंने बताया कि बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 75 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार तस्करों की पहचान परिहार थाना क्षेत्र के परिहार निवासी कुलदीप महतो के पुत्र वीर बहादुर महतो के रूप में हुई है। वह वर्तमान में धारावी, मुंबई में रहता है। नेपाल के परसा पोखरिया थाना क्षेत्र के बराई निवासी रामगोविन्द राउत के पुत्र जीरजोधन प्रसाद चौरसिया और झाउवा निवासी छठउ दास के पुत्र रामजी के रूप में हुई है। पुलिस ने छापेमारी कर इन तीनों को मेहसौल थाना क्षेत्र के आदर्श नगर मोहल्ला से गिरफ्तार किया। इनके पास से 18.5 किलो चरस, 3.5 किलो गांजा, दो मोबाइल, दो मोटरसाइकिल और 650 रुपये नेपाली मुद्रा बरामद की गई। पूछताछ के दौरान तस्करों ने स्वीकार किया कि नेपाल निवासी रौशन तमांग इस नेटवर्क का मुख्य सरगना है, जो नेपाल से चरस और गांजा मंगाकर बिहार के रास्ते भारत के कई राज्यों में सप्लाई करता है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में कुल पांच अभियुक्तों को नामजद किया गया है। यह गिरोह लंबे समय से नारकोटिक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार में संलिप्त है तथा संगठित नेटवर्क के रूप में कार्य करता है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस गिरोह का नेटवर्क नेपाल, बिहार, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, झारखंड, हरियाणा और महाराष्ट्र तक फैला हुआ है। जब्त की गई खेप को भारत के विभिन्न राज्यों में भेजे जाने की योजना थी। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और फरार सदस्यों की तलाश जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button