हज़रत मोहम्मद पैगंबर 1500वीं जयंती पर 8 सितम्बर को सरकारी अवकाश घोषित करने की मांग
पुणे : परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी हज़रत मोहम्मद पैगंबर साहब की जयंती पुणे शहर समेत विश्वभर में मुस्लिम समाज के बंधुओं द्वारा बड़े उत्साह के साथ मनाई जाएगी। इस वर्ष यह अवसर और भी विशेष है क्योंकि यह 1500वां जयंती वर्ष है। इसी कारण इस वर्ष यह पर्व और अधिक उल्लास एवं धार्मिक परंपराओं के पालन के साथ मनाया जाएगा।
इस वर्ष पैगंबर जयंती का दिन 5 सितम्बर को गणेश विसर्जन के पूर्वदिनी पड़ रहा है। धार्मिक सौहार्द बनाए रखने के दृष्टिकोण से सिरत कमेटी की ओर से मुस्लिम समाज ने निर्णय लिया है कि पैगंबर जयंती सोमवार, दिनांक 8 सितम्बर को मनाई जाएगी। इस निर्णय का राज्य शासन सहित समाज के सभी स्तरों पर स्वागत किया गया है।
पैगंबर जयंती के उपलक्ष्य में आज मुस्लिम समाज की ओर से आयोजित बैठक में उपस्थित शासकीय एवं अर्धशासकीय प्रतिनिधियों ने सुझाव दिया कि उत्सव में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु राज्य सरकार और केंद्र सरकार की ओर से 8 सितम्बर को सरकारी अवकाश घोषित किया जाए। इसी संबंध में सिरत कमेटी की ओर से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और पुणे के जिलाधिकारी डॉ. जितेंद्र डुड्डी को निवेदन सौंपा गया।
निवेदन देने वालों में मौलाना जमीरुद्दीन, मौलाना निज़ामुद्दीन, रफिउद्दीन शेख, सिराज बागवान, आतिक खान उस्ताद, आसिफ शेख, नदीम मुजावर, जावेद खान, जावेद शेख, गुलाम अहमद कादरी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
राज्य सरकार ने मुंबई एवं उपनगरों के लिए 8 सितम्बर को अवकाश की घोषणा की है। सिरत कमेटी के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया है कि पुणे शहर के लिए भी राज्य सरकार इस मांग पर सकारात्मक विचार करते हुए 8 सितम्बर को सरकारी अवकाश घोषित करेगी।


