इटावा में यमुना और चम्बल नदियों के बढ़ते जलस्तर को लेकर प्रशासन अलर्ट, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए दिशा-निर्देश जारी
विशाल समाचार संवाददाता इटावा
इटावा, :जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने अवगत कराया है कि अधिशाषी अभियंता, निचली यमुना मंडल, केंद्रीय जल आयोग, आगरा से प्राप्त बाढ़ पूर्वानुमान/चेतावनी पत्र-06 के अनुसार यमुना नदी का जल स्तर 05 सितम्बर 2025 सुबह 10 बजे तक अधिकतम 121.35 मीटर तक पहुँचने की संभावना है। वहीं निचली गंगा नहर, इटावा प्रखंड से प्राप्त सूचना के अनुसार कोटा बैराज से 12,428 क्यूसेक पानी चंबल नदी में छोड़ा जा रहा है। साथ ही सिंध, बनास, सीप, पार्वती, कूनो और मेज नदियों के कैचमेंट में भारी वर्षा के कारण चंबल नदी का जल स्तर भी बढ़ने की संभावना है।
वर्तमान में यमुना नदी 121.12 मीटर पर बह रही है, जो चेतावनी स्तर से 0.20 मीटर ऊपर एवं खतरे के निशान से 0.80 मीटर नीचे है। यमुना नदी से तहसील सदर के धूमनपुरा, प्रतापनेर, असवा, धमना एवं पड़राया सहित कई गांव प्रभावित हो सकते हैं।
प्रशासन की अपील
शहरवासियों एवं ग्रामवासियों से आग्रह है कि–
1. जरूरी कागजात (राशन कार्ड, पासबुक, आधार कार्ड) वाटरप्रूफ बैग में रखें।
2. क्लोरीन, ओआरएस तथा आवश्यक दवाइयाँ प्राथमिक उपचार किट में रखें।
3. सूखा अनाज एवं मवेशियों का चारा ऊँचे स्थान पर सुरक्षित रखें।
4. चेतावनी मिलते ही गर्भवती महिलाएं, बच्चे, वृद्ध, दिव्यांगजन एवं बीमार व्यक्ति तुरंत तहसील द्वारा स्थापित बाढ़ शरणालयों में जाएं।
5. केवल उबला हुआ या क्लोरीन युक्त पानी पिएं।
6. बिजली का मुख्य स्विच और गैस रेगुलेटर बंद करें।
7. बाढ़ग्रस्त खाद्य सामग्री या डूबे हैंडपंप का पानी उपयोग न करें।
8. पानी के किनारे न जाएं और जरूरी सामान ऊँचे स्थान पर रखें।
प्रशासनिक तैयारियां
तहसील राजस्व अधिकारी एवं कर्मचारी बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखेंगे और प्रभावित गांवों में राहत व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर लोगों को बाढ़ शरणालयों में शिफ्ट किया जाएगा। चिकित्सा विभाग को मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराने तथा खंड विकास अधिकारी चकरनगर व बढ़पुरा को सफाई, मोबाइल टॉयलेट एवं स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी विभागों को बाढ़ प्रबंधन से संबंधित आवश्यक तैयारियां पूरी करने को कहा गया है।
नदी जलस्तर स्थिति (04 सितम्बर 2025)
1. चंबल नदी, गेज स्थल – उदी, चेतावनी स्तर – 119.80 मी., खतरे का स्तर – 120.80 मी., वर्तमान जलस्तर – 117.18 मी.
2. यमुना नदी, गेज स्थल – उदी, चेतावनी स्तर – 120.92 मी., खतरे का स्तर
– 121.92 मी., वर्तमान जलस्तर – 121.12 मी.


