
सीतामढ़ी: रीगा में महावीर झंडा मेले की तैयारियाँ पूरी
आज लाखों श्रद्धालु उमड़ेंगे, सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम
सीतामढ़ी|कुणाल किशोर
सीतामढ़ी | रीगा में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध महावीर झंडा मेले को लेकर तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। रविवार को होने वाले इस भव्य आयोजन में लाखों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। सुबह से ही रीगा क्षेत्र में मेले जैसा माहौल नजर आने लगा है।
मेले का मुख्य आकर्षण महावीर झंडा होगा। विभिन्न गाँवों से श्रद्धालु झंडा जुलूस के साथ रीगा पहुँचेंगे और झंडे का मिलन होगा। आयोजन स्थल रीगा चीनी मिल फुटबॉल मैदान तथा रीगा इमली बाजार के समीप निर्धारित किया गया है। यहाँ श्रद्धालु पूजा-अर्चना के साथ-साथ मेले का आनंद लेंगे।
भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। डीएम और एसपी समेत अन्य आला अधिकारी मेले में मौजूद रहेंगे। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर यातायात व्यवस्था भी सुचारु की गई है।
धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक उत्सव का प्रतीक यह मेला हर साल की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा।



