
सीतामढ़ी में अवैध उर्वरक कारोबार पर बड़ी कार्रवाई – कई प्रतिष्ठान सील, प्राथमिकी दर्ज
सीतामढ़ी (कुणाल किशोर): जिलाधिकारी श्री रिची पांडे के निर्देश पर जिले में अवैध उर्वरक कारोबार के खिलाफ सोमवार को बड़ी कार्रवाई की गई। जिला कृषि पदाधिकारी, अनुमंडल एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी तथा कृषि समन्वयकों की टीम ने विभिन्न उर्वरक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की।
गुप्त सूचना के आधार पर सोनबरसा थाना क्षेत्र के ग्राम इंदरवा वार्ड संख्या 15, इंदरवा चौक स्थित रामेश्वर महतो (पिता – रामवरन महतो) के प्रतिष्ठान पर छापा डाला गया। यहां से अवैध उर्वरक और कीटनाशी जब्त किए गए। जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से यूरिया और कीटनाशी की तस्करी में सक्रिय था। इस मामले में संबंधित के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।
छापेमारी दल में जिला कृषि पदाधिकारी श्री शांतनु कुमार, सहायक कृषि पदाधिकारी (रसायन) श्री मनोज कुमार, कृषि समन्वयक सोनबरसा श्री सुनील कुमार, एसएसबी 51वीं बटालियन के सब इंस्पेक्टर श्री संजीव दास और सोनबरसा थाना पुलिस शामिल रही।
इसी दौरान परिहार थाना क्षेत्र के कन्हवा चेक पोस्ट के पास एसएसबी 51वीं बटालियन ने 5 बोरी यूरिया और 1 बोरी अमोनियम सल्फेट जब्त किया। जब्त उर्वरक को स्थानीय विक्रेता को जिम्मेनामा पर सौंपते हुए प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
जिला कृषि पदाधिकारी श्री शांतनु कुमार ने बताया कि अब तक की कार्रवाई में 5 उर्वरक प्रतिष्ठानों पर प्राथमिकी दर्ज कर अनुज्ञप्ति रद्द कर दी गई है, जबकि 7 प्रतिष्ठानों की अनुज्ञप्ति रद्द की गई है। वहीं, 2 अन्य प्रतिष्ठानों पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।



