
पूना क्लब गोल्फ कोर्स का खिलाड़ियों और कैडीज को सम्मान
पुणे,| विशाल समाचार:9822794568
पुणे के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित पूना क्लब गोल्फ कोर्स की ओर से एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर न केवल पेशेवर और शौकिया गोल्फ खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया, बल्कि मैदान पर उन्हें बहुमूल्य सहयोग देने वाले कैडीज के योगदान को भी सराहा गया। यह समारोह क्लब की गौरवशाली खेल संस्कृति और उपलब्धियों को समर्पित रहा।
क्लब के गोल्फ कप्तान जय शिर्के ने कहा कि पुरुष, महिला और शौकिया गोल्फ स्पर्धाओं में पूना क्लब के खिलाड़ियों ने जो शानदार सफलता हासिल की है, वह क्लब की गुणवत्ता और परंपरा का परिचायक है।
पूना क्लब लिमिटेड के अध्यक्ष गौरव गढोक ने बताया कि व्यावसायिक खिलाड़ियों की उपलब्धियाँ और शौकिया खिलाड़ियों का दर्जा, दोनों ने ही क्लब की गोल्फ संस्कृति को मजबूती प्रदान की है। उन्होंने कहा कि इन सभी खिलाड़ियों की वजह से आज पूना क्लब को राष्ट्रीय खेल नक्शे पर मान और पहचान मिली है।
आगामी पीढ़ी के गोल्फ विजेताओं को तैयार करने की दिशा में क्लब ने इस अवसर पर अनुभवी पेशेवर खिलाड़ियों, होनहार शौकिया गोल्फरों और उभरते कुमार खिलाड़ियों की आधिकारिक सूची जारी की। इसमें प्रमुख रूप से उदयन माने, रोहन ढोले पाटिल, प्रणव मर्डीकर, दिव्यांश दुबे, अनन्या गर्ग, मन्नत ब्रार और गुरकी शेरगील के नाम शामिल हैं।
पूना क्लब लिमिटेड के उपाध्यक्ष इंद्रनील मुजगुले ने कहा कि इन खिलाड़ियों ने अनुभव, कौशल और संकल्प के बल पर क्लब का प्रतिनिधित्व सर्वोच्च स्तर पर किया है। उन्होंने आगे कहा कि उदयन माने से लेकर प्रणव मर्डीकर तक, क्लब के अव्वल खिलाड़ियों ने व्यावसायिक स्तर को ऊँचा उठाया है, वहीं शौकिया गट से भी नए प्रतिभाशाली खिलाड़ी भविष्य के लिए आगे आ रहे हैं।
इस सम्मान समारोह में खिलाड़ियों, कैडीज और सपोर्ट स्टाफ का अभिनंदन किया गया। क्लब प्रबंधन का मानना है कि इस पहल से आने वाले वर्षों में गोल्फ की नई प्रतिभाएँ और अधिक प्रेरित होंगी और पूना क्लब को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊँचाइयों पर पहुँचाएँगी।


