
इटावा में सड़क हादसा: गर्भवती महिला और शिशु की मौत, पति गंभीर घायल
जसवंतनगर/इटावा विशाल समाचार।
थाना जसवंतनगर क्षेत्र के बलरई मार्ग पर बहोरीपुर गांव के पास सोमवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत में एक गर्भवती महिला और उसके गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई, जबकि महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
थाने में दी गई तहरीर के अनुसार, ग्राम कुडाखर निवासी विनेश सिंह 9 सितम्बर को अपनी पत्नी आभा (30) के साथ दवा लेने अस्पताल जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में आभा सड़क पर गिर गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। नौ माह की गर्भवती होने के कारण गर्भस्थ शिशु की भी जान नहीं बच सकी।
हादसे में विनेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जसवंतनगर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया।
घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


