लोकतंत्र के महापर्व में हर मतदाता की भागीदारी जरूरी — जिलाधिकारी
बैरगनिया (सीतामढ़ी):
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन–2025 के अवसर पर जिला स्वीप कोषांग, सीतामढ़ी के तत्वावधान में बैरगनिया नगर परिषद क्षेत्र स्थित काली मंदिर चौक के समीप मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से संध्या चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, महिला एवं बुजुर्ग मतदाताओं सहित शहर के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला निर्वाचन पदाधिकारी–सह–जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि “लोकतंत्र की सशक्तता का आधार जागरूक मतदाता होते हैं। मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का प्रतीक है।” उन्होंने मतदाताओं से 11 नवंबर 2025 को अपने निकटतम मतदान केंद्र पर पहुंचकर अनिवार्य रूप से मतदान करने की अपील की। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से महिला एवं युवा मतदाताओं से आग्रह किया कि वे परिवार और समाज में मतदान के प्रति प्रेरणा बनें।
इस अवसर पर निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुगम एवं सुलभ बनाने के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा किए गए नवीन नवाचारों की विस्तृत जानकारी भी मतदाताओं को दी गई। जिलाधिकारी ने बताया कि “शत-प्रतिशत मतदान—सीतामढ़ी का अभियान” को सफल बनाने हेतु जिला प्रशासन द्वारा निरंतर जनसंपर्क, रैलियाँ, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सोशल मीडिया अभियानों के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी मतदाताओं को मतदाता जागरूकता शपथ दिलाई गई तथा लोकतंत्र के इस महापर्व को उत्सव के रूप में मनाने का आह्वान किया गया।



