
मुक्केबाज़ चंद्रिका पुजारी — पुणे की नई “सुवर्णकन्या”: मुरलीधर मोहोळ
चंद्रिका की उपलब्धि से झोपड़पट्टी के बच्चों को मिली नई प्रेरणा: राहुल डंबाळे
पुणे: बहरीन में आयोजित एशियन यूथ स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए बॉक्सिंग में गोल्ड मेडल जीतने वाली पुणे की बेटी चंद्रिका पुजारी को केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोळ ने “देश की नई सुवर्णकन्या” कहकर सम्मानित किया।
पुणे स्टेशन के पास ताडीवाला रोड झोपड़पट्टी में रहने वाली 17 वर्षीय चंद्रिका ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए भारत को स्वर्ण पदक दिलाया। इस शानदार उपलब्धि पर रिपब्लिकन सोशलिस्ट पार्टी के नेता राहुल डंबाळे ने चंद्रिका, उनके कोच जयंत शिंदे और क्लब निदेशक सचिन शिंदे का उनके घर जाकर विशेष सत्कार किया।
इसी दौरान पुणे के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोळ ने भी फोन पर संपर्क कर चंद्रिका को बधाई दी और कहा —
“अत्यंत प्रतिकूल परिस्थितियों में कड़ी मेहनत और जिद्द के बल पर भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतना गर्व की बात है। चंद्रिका के रूप में देश को पुणे की नई गोल्डन गर्ल मिली है।”
राहुल डंबाळे ने कहा कि चंद्रिका की कामयाबी ने झोपड़पट्टी के युवाओं के प्रति समाज का नकारात्मक दृष्टिकोण बदल दिया है। उन्होंने यह साबित कर दिया है कि अवसर और सही मार्गदर्शन मिलने पर कोई भी पीछे नहीं रहता।
मुरलीधर मोहोळ ने चंद्रिका को आगामी ऑलिंपिक के लिए शुभकामनाएँ देते हुए हर संभव सहायता का आश्वासन भी दिया।
इस अवसर पर प्रभू सुनगर, चंद्रिका के पिता भोरेशी पुजारी, और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।


