जसवंतनगर के कॉलेजों में जिला सेवायोजन कार्यालय ने किया करियर काउंसलिंग का आयोजन
इटावा, विशाल समाचार संवाददाता
जिला सेवायोजन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला सेवायोजन कार्यालय, इटावा की ओर से जसवंतनगर कस्बे के दो शिक्षण संस्थानों में करियर काउंसलिंग सत्र आयोजित किए गए।
इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को भविष्य की दिशा तय करने, करियर विकल्पों की पहचान करने तथा रोजगार के अवसरों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
यह काउंसलिंग सत्र राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, जसवंतनगर एवं हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज में आयोजित हुआ।
इस दौरान सेवायोजन अधिकारी श्री विकास मिश्रा एवं काउंसलर दीपक सिंह ने छात्र-छात्राओं को निशुल्क अभ्युदय कोचिंग, रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण प्रक्रिया तथा श्रम एवं रोजगार मंत्रालय द्वारा संचालित नेशनल करियर सर्विस पोर्टल (NCS) की जानकारी दी।
कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर ए. गुणशेकर ने छात्र-छात्राओं को वायुसेना में भर्ती प्रक्रिया, पात्रता मानदंड और चयन की तैयारी से संबंधित उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को सही दिशा में करियर चुनने के लिए प्रेरित करना और उन्हें सरकारी योजनाओं एवं पोर्टलों से जोड़ना रहा।

