शिक्षक पात्रता परीक्षा: कम अभ्यर्थियों वाले माध्यमों के लिए परीक्षा केंद्र तय
पुणे, मोहन तोमर: महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद द्वारा रविवार, 23 नवम्बर 2025 को आयोजित की जाने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) के लिए बंगाली, कन्नड़, तेलुगु और गुजराती माध्यम के अभ्यर्थियों की संख्या कम होने के कारण विशेष परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
बंगाली माध्यम से परीक्षा देने वाले मुंबई, पालघर, पुणे, धुले, नंदुरबार और जालना जिलों के अभ्यर्थियों के लिए पुणे में परीक्षा केंद्र रखा गया है, जबकि नागपुर, गोंदिया, चंद्रपुर और गडचिरोली जिलों के अभ्यर्थियों के लिए चंद्रपुर परीक्षा केंद्र निर्धारित किया गया है।
कन्नड़ माध्यम के लिए —
मुंबई, ठाणे, नाशिक और धुले जिलों के अभ्यर्थियों की परीक्षा ठाणे में,
पुणे, सोलापुर, हिंगोली, लातूर और धाराशिव जिलों के अभ्यर्थियों की परीक्षा सोलापुर में,
जबकि कोल्हापुर, सांगली और सातारा जिलों के अभ्यर्थियों की परीक्षा सांगली में आयोजित की जाएगी।
तेलुगु माध्यम के सभी अभ्यर्थियों के लिए पुणे केंद्र निर्धारित किया गया है।
वहीं, गुजराती माध्यम के अभ्यर्थियों में मुंबई, ठाणे, पालघर और पुणे जिलों के उम्मीदवारों के लिए ठाणे, तथा नाशिक, धुले, जळगांव, नंदुरबार और बुलढाणा जिलों के उम्मीदवारों के लिए नंदुरबार परीक्षा केंद्र तय किया गया है।
यह जानकारी महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद की आयुक्त अनुराधा ओक ने दी है।


