
यातायात माह में ऊसराहार पुलिस ने बढ़ाई जागरूकता, दोपहिया चालकों को बांटे हेलमेट
इटावा, विशाल समाचार संवाददाता
यातायात माह नवम्बर 2025 के अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में थाना ऊसराहार पुलिस द्वारा यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने हेतु विशेष अभियान चलाया गया।
इस अभियान के तहत थानाध्यक्ष ऊसराहार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र के नागरिकों को यातायात सुरक्षा नियमों की जानकारी दी और दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए।
अभियान के दौरान लोगों से अपील की गई कि नाबालिग बच्चे वाहन न चलाएं, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन न चलाएं, तीन सवारी न बैठें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा ओवर स्पीड से वाहन न चलाएं।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने परिवारजनों, रिश्तेदारों और परिचितों को भी वाहन चलाते समय हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने के लिए प्रेरित करना चाहिए, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।


