इटावा

उ०प्र० राज्य महिला आयोग की सदस्य ने सुनी पीड़ित महिलाओं की समस्याएं

उ०प्र० राज्य महिला आयोग की सदस्य ने सुनी पीड़ित महिलाओं की समस्याएं

 

इटावा, विशाल समाचार 

उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य माननीय श्रीमती पूनम द्विवेदी ने महिला उत्पीड़न की रोकथाम एवं पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में महिला जनसुनवाई आयोजित की। इस दौरान उन्होंने महिलाओं की समस्याएं सुनीं और मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत प्रेरक महिलाओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।

 

जनसुनवाई में कुल 11 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें अधिकांश महिला उत्पीड़न से संबंधित प्रार्थना पत्र थे। इनमें से 4 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष मामलों के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का निस्तारण 15 दिन के भीतर सुनिश्चित किया जाए।

 

श्रीमती द्विवेदी ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं एवं बालिकाओं को त्वरित न्याय दिलाने और सशक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसके लिए मिशन शक्ति अभियान चलाया जा रहा है, ताकि महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता से लेकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि पीड़िताओं को न्याय के लिए भटकना न पड़े।

 

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबर संचालित किए जा रहे हैं, जिन पर कोई भी महिला अपनी शिकायत बेझिझक दर्ज करा सकती है। समय पर न्याय न मिलने की स्थिति में वे राज्य महिला आयोग से भी संपर्क कर सकती हैं।

 

बैठक में उन्होंने दिव्यांगजन विभाग को सभी विकासखंडों में कैंप लगाने और पात्रों को लाभ देने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि शादी अनुदान योजनाओं में दिव्यांगों को भी शामिल किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से यह भी अपेक्षा की कि वे अपने पिछले कार्यों की रिपोर्ट लिखित रूप में प्रस्तुत करें और सरकार की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुँचाएं।

 

श्रीमती द्विवेदी ने एबीएसए को ओपन जिम बनवाने और स्वास्थ्य विभाग को ब्लॉक एवं ग्राम स्तर पर स्वास्थ्य कैंप लगाने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा सके।

 

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी (न्यायक) चकरनगर, सीओ जसवंतनगर आयुषी सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी प्रदीप तिवारी, समाज कल्याण अधिकारी संध्या रानी बघेल सहित संबंधित अधिकारी एवं पीड़ित महिलाएं उपस्थित रहीं।

 

#इटावा #महिला_आयोग #PoonamDwivedi #MissionShakti #EtawahNews

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button