
प्रदेशीय विद्युत व्यवस्था जांच समिति की बैठक सम्पन्न — विद्युत आपूर्ति, ट्रांसफार्मर व शिकायतों की समीक्षा
इटावा (विशाल समाचार):
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की “प्रदेशीय विद्युत व्यवस्था संबंधित जांच समिति” की बैठक आज विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मा० सभापति अंगद कुमार सिंह ने की। समिति में मा० सदस्य अनूप कुमार गुप्ता, मानवेन्द्र सिंह, सत्यपाल सिंह, व्रत लेखक सुधीर कुमार यादव, अनुसचिव रमेंद्र भाई पटेल, समीक्षा अधिकारी प्रणय पूनिया, निजी सचिव बांके बिहारी, अपर निजी सचिव अजय कुमार, एवं भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत जिला औरैया के विद्युत विभाग की समीक्षा से हुई। सभापति ने निर्देश दिया कि सभी रिपोर्ट जिलाधिकारी के हस्ताक्षर से ही भेजी जाएं तथा 24 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी औरैया ने बताया कि ट्यूबवेलों को 10 घंटे तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे विद्युत आपूर्ति दी जा रही है।
बैठक में यह जानकारी दी गई कि औरैया जिले में वर्ष 2025 में 934 ट्रांसफार्मर जल चुके हैं। समिति ने बार-बार खराब होने वाले ट्रांसफार्मरों की जांच कराने, फीडरवार समूह बनाकर समस्याओं का समाधान कराने तथा मीटरों के समय-समय पर प्रतिस्थापन का निर्देश दिया।
वर्ष 2025 में 54133 ऑनलाइन शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण किया गया। समिति ने निर्देश दिया कि सभी शिकायतों की समीक्षा कर एक बिंदुवार रिपोर्ट तैयार की जाए। इसके साथ ही तीन वर्ष का डाटा लेकर अधिकारी अगली बैठक में उपस्थित हों।
विद्युत चोरी रोकने हेतु विजिलेंस टीम द्वारा अभियान चलाने और 1588 एफआईआर दर्ज किए जाने की जानकारी दी गई। साथ ही सरकारी-अर्धसरकारी कार्यालयों के बकाया बिलों की वसूली शीघ्र करने के निर्देश दिए गए।
स्मार्ट मीटरों की स्थिति पर भी चर्चा हुई — 2,10,196 स्मार्ट मीटरों में से अब तक 14,969 लगाए जा चुके हैं।
बैठक में पीएम सूर्यघर योजना, निवेश मित्र पोर्टल, आंगनवाड़ी केंद्रों, ग्राम पंचायतों और नलकूपों के विद्युत कनेक्शन की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
इटावा और कन्नौज जिलों की संयुक्त समीक्षा में अधीक्षण अभियंताओं ने बताया कि दोनों जिलों में औसतन 23 घंटे विद्युत आपूर्ति की जा रही है। सभापति ने कहा कि कन्नौज की रिपोर्ट स्पष्ट नहीं है, अतः उसे जिलाधिकारी के हस्ताक्षर से पुनः प्रस्तुत किया जाए।
इटावा में 112 हेल्पलाइन पर 21,675 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 21,427 का निस्तारण हो चुका है और 248 लंबित हैं। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि जनपद के 1484 विद्यालयों में से केवल दो विद्यालयों में विद्युतीकरण शेष है।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी इटावा शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने समिति को आश्वस्त किया कि सभी त्रुटियों को शीघ्र सुधार कर जनपदवार रिपोर्ट समिति के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी।
बैठक में जिलाधिकारी कन्नौज आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, जिलाधिकारी औरैया इंद्रमणि मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, अधीक्षण अभियंता सहित तीनों जनपदों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।
#विशालसमाचार #EtawahNews #UPVidhanParishad #ElectricityReview #Auraiya #Kannauj #UttarPradesh


