रीवा

मुख्यमंत्री ने वीडियो कान्फ्रेसिंग से अधिकारियों को दिए निर्देश

मुख्यमंत्री ने वीडियो कान्फ्रेसिंग से अधिकारियों को दिए निर्देश

 

रीवा . मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कान्फ्रेसिंग से प्रदेश की कानून और व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिये। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले के महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों, ऐतिहासिक स्थलों तथा प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा के उचित प्रबंध करें एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस स्टैण्डों पर कड़ी निगरानी रखें। जिले में अतिविशिष्ट व्यक्तियों के दौरे के समय भी सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रखे। भोपाल में इजिमा मेले का आयोजन होने जा रहा है जिसमें लाखों लोग शामिल होंगे। इसमें भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दें। सभी जिले के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक मैदानी अमले की सक्रियता बढ़ाकर कानून और व्यवस्था की निगरानी करें। असामाजिक तत्वों तथा कानून और व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों पर कड़ी कार्यवाही करें। प्रदेश में कानून और व्यवस्था बनाये रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 नवम्बर को जबलपुर और अलीराजपुर में जनजातीय गौरव दिवस के राज्य स्तरीय समारोह होंगे। इनके साथ-साथ प्रत्येक जिले में भगवान बिरसा मुण्डा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जायेगा। इसके लिए समुचित प्रबंध कर लें। सोयाबीन उत्पादक किसानों के लिए लागू भावांतर योजना में 13 नवम्बर को सिंगिल क्लिक से राशि जारी की जायेगी। इससे एक लाख पच्चीस हजार किसानों को 230 करोड़ रूपये की भावांतर राशि मिलेगी।

 

वीडियो कान्फ्रेसिंग में बताया गया कि एक दिसंबर से कोदो और कुटकी का समर्थन मूल्य पर उपार्जन किया जायेगा। बैठक में मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन ने कहा कि कलेक्टर्स नरवाई जलाने की घटना को गंभीरता से लेते हुए कड़ी कार्यवाही करें। नरवाई प्रबंधन के लिए रोटावेटर, हैप्पीसीडर और सुपर सीडर के उपयोग के लिए किसानों को प्रोत्साहित करें।

वीडियो कान्फ्रेसिंग में कमिश्नर कार्यालय सभागार से कमिश्नर बी.एस. जामोद, आईजी गौरव राजपूत, डीआईजी हेमंत चौहान, उपायुक्त एलआर अहिरवार उपस्थित रहे। कलेक्ट्रेट के एनआईसी केन्द्र से कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल तथा पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान वीडियो कान्फ्रेसिंग में शामिल हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button