योगी बोले- मर्सिडीज वाले लोग गमले चुरा ले गए:पकड़ते तो बेइज्जती होती, इसलिए बुलाकर CCTV फुटेज दिखाए
लखनऊ विशाल समाचार: लखनऊ में सीएम योगी ने कहा कि G-20 समिट के बाद कार्यक्रम स्थल के आसपास लगाए गए गमलों को लोग मर्सिडीज से उठाकर ले गए। अब सोचिए, कहां मर्सिडीज कार की कीमत और कहां एक गमले की? अगर हम कार्रवाई करते तो शहर की गलत पहचान बनती। लोग कहते कि गमला चोर पकड़े जा रहे हैं, यह तो बहुत बड़ा एक्शन है। इसलिए हमने उन लोगों को बुलाकर गमले चोरी करने के CCTV फुटेज दिखाए।
योगी BBD यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। समारोह में दो बैच के 5,746 छात्रों को उपाधियां और मेडल दिए गए। योगी ने कहा, “जब हम दुनिया से 10 कदम आगे की सोच लेकर चलेंगे, तब दुनिया खुद हम पर ध्यान देने को मजबूर होगी। AI आज की जरूरत है, लेकिन ध्यान रहे, उसे आप चलाएं, वह आपको न चलाने लगे।”
मंच पर कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा, “आज के युवाओं को बहुत गुस्सा आता है। पत्नी गुस्सा हो तो उसकी सुनो।” उन्होंने मंच पर एक पहेली भी पूछी।



