
इटावा में पल्स पोलियो SIND अभियान की जिला टास्क फोर्स बैठक सम्पन्न
जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
इटावा, विशाल समाचार– पल्स पोलियो SIND अभियान को सफल बनाने के लिए जिला टास्क फोर्स की बैठक जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश देते हुए कहा कि ग्राम, ब्लॉक और तहसील स्तर पर जागरूकता रैली आयोजित की जाए।
उन्होंने बताया कि टीका उत्सव से पूर्व सभी आशा बहनों को ANM के नेतृत्व में अपने क्षेत्र में 0–5 वर्ष आयु तक के छूटे हुए बच्चों की सूची (Due List) तैयार करनी है, जिसके लिए VHIR रजिस्टर, घर-घर भ्रमण से प्राप्त जानकारी तथा U-WIN आंकड़ों का उपयोग किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि टीका उत्सव के दौरान नियोजित प्रत्येक सत्र से पहले आशा/लिंक वर्कर और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर अंतरव्यक्तिक संवाद के माध्यम से उन परिवारों में जागरूकता गतिविधियाँ संचालित करें, जहाँ टीके से छूटे बच्चे हैं।
उन्होंने निर्देश दिए कि:
आशा कार्यकर्ता छूटे हुए बच्चों को निर्धारित टीकाकरण दिवस पर उनकी माँ/पिता के ID प्रमाण और मोबाइल नंबर के साथ टीकाकरण केन्द्र पर लाएँ, ताकि आवश्यकतानुसार U-WIN पोर्टल पर पंजीकरण कराया जा सके।
जिन बच्चों ने टीका तो प्राप्त कर लिया है, लेकिन U-WIN सिस्टम पर पंजीकृत नहीं हैं, उनके माता-पिता को टीकाकरण कार्ड और आवश्यक दस्तावेजों के साथ सत्र स्थल पर लाया जाए, ताकि Portal पर सभी सूचनाएँ अद्यतन की जा सकें।
टीका उत्सव का आयोजन नियमित टीकाकरण सत्रों के माध्यम से ही किया जाएगा।
सोशल मीडिया—व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स आदि प्लेटफॉर्म पर टीका उत्सव की गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बृजेन्द्र कुमार, CMS पारतोष शुक्ल, CMS अनिल कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, नेहरू युवा केन्द्र से सोनिका चंद्रा, सभी MOIC सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

