
इटावा महोत्सव एवं प्रदर्शनी का जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने किया शुभारंभ
इटावा विशाल समाचार संवाददाता: जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने रविवार को इटावा महोत्सव एवं प्रदर्शनी का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं फीता काटकर किया। एक माह तक चलने वाली इस ऐतिहासिक प्रदर्शनी का विधिवत शुभारंभ परंपरागत बेदी पूजन के साथ किया गया। इसके बाद शहीद स्मारक स्तंभ के पास राष्ट्रगान के साथ ध्वजारोहण हुआ। अधिकारियों द्वारा अमर शहीदों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
महोत्सव स्थल पर बैंड-बाजे के साथ अतिथियों का स्वागत किया गया। महोत्सव पंडाल में कार्यकारिणी की ओर से प्रशासनिक व अन्य अधिकारियों का सम्मान भी किया गया।
जिलाधिकारी ने संबोधन में कहा कि “इटावा प्रदर्शनी 115 वर्ष पुरानी परंपरा है। यह जनपद का लोक पर्व है। मैं इटावा वासियों को शुभकामनाएं देता हूं और अपेक्षा करता हूं कि अधिक से अधिक लोग प्रदर्शनी में पहुंचकर आनंद उठाएँ।”
उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी परिसर में एक माह तक विभिन्न सांस्कृतिक एवं जनउपयोगी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। “यदि किसी आगंतुक को सुझाव देने हों तो प्रशासन उनका स्वागत करेगा। प्रदर्शनी में विद्युत, स्वच्छता, सुरक्षा और सजावट पर विशेष ध्यान दिया गया है,” जिलाधिकारी ने कहा। साथ ही उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी को यादगार बनाने के लिए इसके पुराने फोटोग्राफ भी एकत्रित किए जा रहे हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि महोत्सव में आने वाले लोगों की सुविधा और सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह तैयार है। विशेषकर महिला सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है और 24 घंटे पुलिस बल तैनात रहेगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि नुमाइश शांतिपूर्वक और सकुशल संपन्न कराई जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) संदीप श्रीवास्तव, नगर मजिस्ट्रेट राजेंद्र बहादुर, विभिन्न उप जिलाधिकारी, सीओ सिटी, सीओ जसवंतनगर, जनरल सेक्रेटरी विक्रम सिंह राघव सहित जिला प्रशासन एवं आयोजक मंडल के अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।

