बसरेहर में स्वावलंबन कैंप का आयोजन, सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
इटावा, विशाल समाचार संवाददाता
मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशानुसार मिशन शक्ति के अंतर्गत विकास खंड स्तर पर आयोजित किए जा रहे स्वावलंबन कैंप श्रृंखला के तहत सोमवार को विकास खंड बसरेहर में कैंप आयोजित किया गया। कैंप का उद्देश्य विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाना रहा।
कैंप में अलग–अलग विभागों ने अपने–अपने स्टॉल लगाकर आमजन को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी, चिकित्सा विभाग की टीम सहित कई विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी ने लोगों को बाल विवाह मुक्त भारत बनाने की शपथ दिलाई और बाल विवाह रोकथाम तथा इसके दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा कैंप में शुगर सहित अन्य स्वास्थ्य जांच की गई तथा जरूरतमंदों को दवाइयाँ वितरित की गईं। साथ ही पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनवाने और योजना का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशानुसार अजित कुमार दुबे, अर्चना भदौरिया, मोहम्मद विलाल और मन्जू ने प्रतिभाग किया।
इस दौरान अजित कुमार दुबे ने मिशन शक्ति 5.0, वन स्टॉप सेंटर और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के बारे में जानकारी दी। वहीं अर्चना भदौरिया ने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, चाइल्ड हेल्पलाइन, निराश्रित महिला पेंशन आदि योजनाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया।

