सीतामढ़ी

बाजपट्टी में अवैध आरा मशीनों पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, सघन छापेमारी अभियान

बाजपट्टी में अवैध आरा मशीनों पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, सघन छापेमारी अभियान

सीतामढ़ी विशाल समाचार संवाददाता 

जिलाधिकारी, सीतामढ़ी श्री रिची पांडेय एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी, सीतामढ़ी के स्पष्ट निर्देशानुसार वनों के क्षेत्र पदाधिकारी, सीतामढ़ी /रुन्नीसैदपुर के नेतृत्व में सीतामढ़ी वन प्रमंडल की संयुक्त टीम द्वारा बाजपट्टी प्रखंड में अवैध रूप से संचालित आरा मशीनों के विरुद्ध सघन छापेमारी अभियान चलाया गया।

 

इस क्रम में प्रखंड क्षेत्र में तीन अवैध आरा मशीनों—क्रमशः नागेंद्र साह, रामस्वरूप ठाकुर एवं दिनेश ठाकुर—के विरुद्ध वन अधिनियम एवं संबंधित नियमों के तहत विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान अवैध संचालन से संबंधित तथ्यों का सत्यापन कर आवश्यक प्रक्रिया का पालन करते हुए कार्रवाई सुनिश्चित की गई।

 

यह अभियान अवैध आरा मशीनों के संचालन पर प्रभावी रोक लगाने, अवैध लकड़ी की कटाई एवं परिवहन पर अंकुश लगाने तथा पर्यावरण एवं वन संपदा के संरक्षण के उद्देश्य से संचालित किया गया। जिला प्रशासन एवं वन विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि वनों की अवैध कटाई से पर्यावरणीय संतुलन प्रभावित होता है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

 

वन विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रूप से संचालित आरा मशीनों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी तथा इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे। आमजन से अपील की गई है कि वे वन एवं पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना संबंधित विभाग को दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button