लखनऊ

सड़क किनारे वाहन खड़े करने पर सख्ती, चालान नहीं सीधे जब्ती होगी: सीएम योगी

सड़क किनारे वाहन खड़े करने पर सख्ती, चालान नहीं सीधे जब्ती होगी: सीएम योगी

लखनऊ विशाल समाचार संवाददाता 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सड़क सुरक्षा को लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं। सड़क किनारे टेंपो, बस और रिक्शा खड़े करने पर पूरी तरह रोक रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर केवल चालान नहीं, बल्कि वाहन सीज करने और ड्राइविंग लाइसेंस जब्त करने जैसी कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क आवागमन के लिए होती है, वाहन खड़ा करने के लिए नहीं।

मुख्यमंत्री ने हाईवे और एक्सप्रेसवे के किनारे लंबे समय तक खड़े डग्गामार वाहनों, कतारबद्ध ट्रकों और अव्यवस्थित पार्किंग को गंभीर सड़क हादसों का बड़ा कारण बताया। उन्होंने पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, सार्वजनिक स्थानों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए लोगों को जागरूक करने और युवाओं व स्वयंसेवी संगठनों की भागीदारी से सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन बनाने के निर्देश दिए।

सीएम योगी ने बताया कि इस साल नवंबर तक प्रदेश में 46,223 सड़क दुर्घटनाओं में 24,776 लोगों की जान जा चुकी है, जो बेहद चिंताजनक है। इसी को देखते हुए 1 से 31 जनवरी तक सड़क सुरक्षा माह मनाया जाएगा, जिसमें ई-4 मॉडल (शिक्षा, प्रवर्तन, इंजीनियरिंग और इमरजेंसी केयर) के तहत सख्त प्रवर्तन, ब्लैक स्पॉट सुधार और बेहतर एम्बुलेंस व ट्रॉमा सुविधाओं पर विशेष जोर दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने दुर्घटनाओं वाले शीर्ष जिलों में विशेष कार्ययोजना बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि ब्लैक स्पॉट, अंधे मोड़, खराब साइनज और अनफिट वाहनों के कारण हादसे बढ़ रहे हैं। उन्होंने स्कूल वाहनों और एम्बुलेंस की फिटनेस जांच अनिवार्य करने, ट्रॉमा सेंटर की सुविधाओं को मजबूत करने और निजी अस्पतालों को भी सड़क दुर्घटना पीड़ितों के उपचार से जोड़ने पर बल दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button