रोजगार मेला आज नईगढ़ी में
मऊगंज विशाल समाचार.युवा संगम कार्यक्रम के तहत शासकीय ठाकुर सोमेश्वर सिंह महाविद्यालय नईगढ़ी में 24 दिसंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक रोजगार मेला आयोजित किया जायेगा। रोजगार मेले में जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को विभिन्न कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इस संबंध में उप संचालक रोजगार अनिल दुबे ने बताया कि रोजगार मेले में 10 कंपनियों द्वारा युवाओं का चयन किया जाएगा। मेले में शामिल होने के लिए विभिन्न कंपनियों में युवक एवं युवतियों की आयु सीमा तथा शैक्षणिक योग्यता अलग-अलग निर्धारित की गई है। वेतन एवं भत्ते 8500 रुपए से 25 हजार रुपए तक निर्धारित किया गया है। वेतन एवं भत्ता विभिन्न कंपनियों में अलग-अलग देय होगा। युवाओ को अपने साथ मूल अंकसूची तथा निवास प्रमाण पत्र की छायाप्रति, आधार कार्ड या वोटर आईडी, रोजगार कार्यालय का जीवित पंजीयन एवं नवीनतम दो पासपोर्ट साइज के फोटो लेकर आना अनिवार्य होगा।
उप संचालक ने बताया कि रोजगार मेले में संवर्धन मदरसन इंटरनेशनल लि. नोयड़ा, मिग्मा पैकट्रॉन प्रा.लि. इंदौर, आयसर ट्रक एण्ड बस पीथमपुर, धार (म.प्र.), सोल्जर प्रो फोर्स प्रा. लि. वापी गुजरात, धूत ट्रान्समिशन औरंगाबाद, बजाज मोटर्स लिमि. हरिद्वार, प्रभा बायोप्लांट्स प्रा.लि. रीवा, प्रगतिशील एग्रोटेक प्रा.लि. रीवा, एच.डी.एफ.सी. लाईफ इंश्योरेन्स कम्पनी लिमि. रीवा तथा प्रगतिशील बायोटेक प्रा.लि. रीवा में रोजगार के अवसर उपलब्ध रहेंगे।


