रीवा

यातायात व्यवस्था सुधारने और दुर्घटनाएं रोकने के प्रयास करें – कलेक्टर

यातायात व्यवस्था सुधारने और दुर्घटनाएं रोकने के प्रयास करें – कलेक्टर

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश

 

मऊगंज विशाल समाचार. जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक मऊगंज श्री प्रदीप पटेल ने क्षेत्र की सड़कों की वर्तमान स्थिति और डिवाइडर व साइन बोर्ड की आवश्यकता पर अपने सुझाव साझा किए। उन्होंने कहा कि हाइवे और प्रमुख सड़कों में निर्धारित स्थल में पर्याप्त संख्या में साइन बोर्ड लगाएं। तेज गति से तथा नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर चालानी कार्यवाही करें। यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाएं जिससे आमजनता का आवागमन सुरक्षित हो सके। बैठक में कलेक्टर संजय कुमार जैन ने कहा कि लोक निर्माण विभाग, एमपीआरडीसी, एनएचआई तथा सड़क निर्माण से जुड़े अन्य अधिकारी प्रमुख सड़कों में ब्लैक स्पॉट चिन्हित करें। इन स्थलों में सड़क दुर्घटना रोकने के लिए आवश्यक प्रबंध करें। राहवीर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करें जिससे दुर्घटना पीड़ितों को गोल्डन आवर में उपचार सहायता मिल सके और उनके प्राण बच सके। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों का संबंधित अधिकारी कठोरता से पालन कराएं। इसका पालन प्रतिवेदन साप्ताहिक टीएल बैठक में प्रस्तुत करें।

 

बैठक में पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने कहा कि सड़क दुर्घटना रोकने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना है। तकनीकी अधिकारी सड़कों में आवश्यक सुधार कराएं तथा हाइवे से मिलने वाली सड़कों में स्पीड ब्रेकर बनाएं। टोल नाकों में एंबुलेंस और क्रेन की उपलब्धता सुनिश्चित करें। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार कार्यवाही की जा रही है। हाइवे में अधिकतम 80 किलोमीटर प्रति घंटे की गति सीमा का पालन करते हुए वाहन चलाएं। दोपहिया वाहन चालक और पीछे बैठने वाले हेलमेट अनिवार्य रूप से लगाएं। हेलमेट केवल चालान से नहीं बचाता दुर्घटना होने पर आपकी जान भी बचाता है। यातायात नियमों का पालन करके ही सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण संभव है। बैठक में सड़कों में सुधार, बेसहारा पशुओं को सड़कों से हटाकर व्यवस्थित कराने, सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, दुर्घटना पीड़ितों को तत्काल उपचार सहायता देने के प्रबंधों की भी समीक्षा की गई। बैठक में अपर कलेक्टर पीके पाण्डेय, डिप्टी कलेक्टर पवन गोरिया, एसडीम मऊगंज राजेश मेहता, एडीएम हनुमना रश्मि चतुर्वेदी अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button