
कलेक्टर मऊगंज ने धान खरीदी केन्द्र पन्नी का किया निरीक्षण
मऊगंज विशाल समाचार. कलेक्टर मऊगंज संजय कुमार जैन ने धान उपार्जन केंद्र पन्नी का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने कहा कि खरीदी केन्द्र में निर्धारित मापदण्डों का पालन करते हुए धान का उपार्जन करें। किसानों से गुणवत्ता पूर्ण धान खरीदें। उपार्जित धान का तत्काल परिवहन करके सुरक्षित भण्डारण कराएं। किसानों को अधिकतम तीन दिवस में भुगतान सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित खरीदी केन्द्र प्रभारी को बारदाने की उपलब्धता, धान की निश्चित मात्रा में तौल, हम्माल की उपलब्धता, किसानों की दी जा रही सुविधाओं तथा धान के भण्डारण के संबंध में निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि पंजीकृत किसानों से 20 जनवरी तक धान का उपार्जन किया जाएगा। किसान अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना तत्काल स्लॉट बुक करके धान का उपार्जन कराएं। स्लॉट बुक करने की सुविधा 13 जनवरी तक दी गई है। निरीक्षण के समय संबंधित अधिकारी तथा किसान उपस्थित रहे।



