
कलेक्टर ने निहाई वाटर फिल्टर प्लांट का किया औचक निरीक्षण
मऊगंज विशाल समाचार. कलेक्टर मऊगंज संजय कुमार जैन ने जिले के दुवगवां स्थित निहाई पानी फिल्टर प्लांट का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान फिल्टर प्लांट की मशीनों, साफ-सफाई तथा पानी के साफ करने के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से प्रतिदिन 8.3 मिलियन लीटर पानी का शुद्धिकरण करके दो टंकियों के माध्यम से 4387 घरों में आपूर्ति की जाती है। कलेक्टर ने नगर परिषद मऊगंज के विभिन्न वार्डों में नलजल योजना से पानी की आपूर्ति के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक परिवार को निर्धारित मात्रा में साफ पानी की आपूर्ति करें। फिल्टर प्लांट और पाइपलाइनों की नियमित रूप से साफ-सफाई कराएं। नलों से सप्लाई किए जा रहे पानी के सेम्पल लेकर उसकी गुणवत्ता की जांच कराएं। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। निरीक्षण के समय सीएमओ महेश पटेल, उपयंत्री अविनाश सिंह तथा अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।



