इटावा

इटावा में कानून व्यवस्था व विकास कार्यों की समीक्षा, प्रभारी मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने दिए कड़े निर्देश

इटावा में कानून व्यवस्था व विकास कार्यों की समीक्षा, प्रभारी मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने दिए कड़े निर्देश

इटावा, विशाल समाचार 

माननीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा, उत्तर प्रदेश तथा जनपद के प्रभारी मंत्री श्री धर्मवीर प्रजापति की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में कानून व्यवस्था एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक की शुरुआत पंचनद स्टोर से समूह की दीदियों द्वारा प्रभारी मंत्री को भेंट देकर की गई। इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद योजना के अंतर्गत छात्रों को लैपटॉप वितरित किए गए।

समीक्षा बैठक में सर्वप्रथम पुलिस विभाग की प्रगति पर चर्चा की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गैंगस्टर एक्ट के तहत भूमाफियाओं की कुर्की की गई है। अवैध शस्त्र मामलों में अपराधियों की गिरफ्तारी, 254 गुंडा एक्ट की कार्रवाई, अवैध शराब के 215 अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा वाहन चोरी के 75 वाहन बरामद किए गए हैं। साइबर अपराध में 202 खोए हुए मोबाइल बरामद किए गए, जबकि ऑपरेशन मुस्कान के तहत 341 बालिकाओं एवं महिलाओं को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंपा गया। जनसुनवाई में इटावा को प्रथम स्थान मिलने की भी जानकारी दी गई।

प्रभारी मंत्री ने किसानों को अनावश्यक उर्वरक न देने, किसान सम्मान निधि के लिए स्थायी कर्मचारी तैनात करने तथा हेल्पलाइन नंबर जारी कर उसके व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। उन्होंने एक्सपायरी दवाओं की जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा।

बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने पीएम श्री प्राथमिक विद्यालयों के लिए उपयुक्त स्थल चिन्हित कर उन्हें बेहतर बनाने के निर्देश दिए। जिला विद्यालय निरीक्षक को टैबलेट वितरण का भव्य आयोजन कराने को कहा गया।

उन्होंने सभी पात्र लाभार्थियों को सरकारी पेंशन योजनाओं, सामूहिक विवाह योजना, कन्या सुमंगला, शादी अनुदान, जल जीवन मिशन और राशन कार्ड योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

विद्युत विभाग की समीक्षा में शहरी क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति, खराब ट्रांसफार्मरों को 24 घंटे में बदलने तथा अधिक बिलिंग की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। चकरनगर क्षेत्र में ट्रांसफार्मर समय पर न बदले जाने पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जताई।

पीडब्ल्यूडी विभाग से सड़कों के निर्माण की जानकारी मांगी गई। राजस्व विभाग को शिकायतकर्ता से सीधे संवाद कर निस्तारण के निर्देश दिए गए। शीतलहर को देखते हुए मंदिरों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, अस्पताल और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने तथा रैन बसेरों की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में सदर विधायक श्रीमती सरिता भदौरिया ने एम्बुलेंस और भर्ती-डिस्चार्ज रजिस्टर की जांच, खेल मैदान निर्माण तथा गौशालाओं की व्यवस्था सुदृढ़ करने के सुझाव दिए।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। बैठक में सदर विधायक श्रीमती सरिता भदौरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता, जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button