जीएसटी 2.0 सुधारों को लेकर व्यापारी संवाद कार्यक्रम 17 जनवरी को
इटावा, विशाल समाचार। उपायुक्त (प्रशासन) राज्य कर, अरुण सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य कर विभाग की प्राथमिकता राजस्व संग्रह के साथ-साथ प्रदेश के व्यापारियों को जी०एस०टी० की विधिक व्यवस्थाओं के प्रति जागरूक करना तथा इसके क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं का समाधान करना है।
इसी क्रम में इटावा जनपद में व्यापारिक गतिविधियों के प्रोत्साहन, पंजीयन बेस एवं राजस्व वृद्धि के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर जी०एस०टी० 2.0 सुधारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से उद्यमियों, करदाताओं एवं अन्य स्टेकहोल्डर्स के साथ संवाद स्थापित करने हेतु व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
यह कार्यक्रम दिनांक 17 जनवरी 2026 को प्रातः 11:30 बजे, प्रेरणा सभागार, विकास भवन, इटावा में आयोजित होगा। कार्यक्रम में जिलाधिकारी इटावा, अपर आयुक्त ग्रेड-1 राज्य कर, इटावा सहित राज्य कर विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।
उपायुक्त (प्रशासन) राज्य कर द्वारा समस्त अधिवक्तागण, व्यापार मंडल के पदाधिकारीगण एवं सी०ए० से अनुरोध किया गया है कि वे अपने-अपने व्यापारिक संगठनों, प्रतिनिधियों एवं व्यापारियों के साथ अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।

