
कलेक्टर मऊगंज ने 34 आवेदनों में की जनसुनवाई
मऊगंज विशाल समाचार. कलेक्ट्रेट सभागार मऊगंज में साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कलेक्टर संजय कुमार जैन ने जनसुनवाई में आमजनता के 34 आवेदन पत्रों में सुनवाई की। कलेक्टर ने अधिकारियों को जनसुनवाई के आवेदन पत्रों का तत्परता से निराकरण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर पीके पाण्डेय, संयुक्त कलेक्टर एपी द्विवेदी तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई में शिवकुमार चतुर्वेदी निवासी ग्राम जरकटी रामशरण ने नक्शा तरमीम के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने एसडीएम मऊगंज को आवेदन में कार्यवाही के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत झौरा के निवासियों ने गावं में घूमने वाले सौ से अधिक गौवंश के प्रबंधन के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने जनपद मऊगंज के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को इस संबंध में आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए। विष्णु प्रजापति निवासी ग्राम देवरा ने आमरास्ते तथा श्मशान घाट बनाए जाने के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने सीईओ जनपद पंचायत हनुमना को आवेदन का निराकरण करने के निर्देश दिए। राममणि तिवारी निवासी ग्राम घुघरी ने जमीन से अवैध कब्जा हटाने तथा नक्शा तरमीम के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने तहसीलदार देवतालाब को आवेदन में तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए। जनसुनवाई में मऊगंज नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 8 सुंदरपुरा के निवासियों ने पानी की निकासी के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने सीएमओ मऊगंज को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए। जनसुनवाई में चन्द्रिका प्रसाद कुशवाहा निवासी ग्राम हर्दी ने खसरा सुधार के लिए आवेदन दिया। कलेक्टर ने एसडीएम हनुमना को आवेदन में कार्यवाही के निर्देश दिए।



