उत्तर प्रदेशइटावा

इटावा में 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया गया, डीएम ने दिलाई निष्पक्ष मतदान की शपथ

इटावा में 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया गया, डीएम ने दिलाई निष्पक्ष मतदान की शपथ

इटावा, विशाल समाचार संवाददाता 

जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में रविवार को विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में भारत निर्वाचन आयोग के 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि 25 जनवरी को प्रति वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र समानता और न्याय पर आधारित है तथा यह हमारे कल्याण के लिए है। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि देश को लोकतांत्रिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सभी को कठोर परिश्रम करना होगा। इस अवसर पर उन्होंने 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी मतदाताओं को निष्पक्ष मतदान की शपथ दिलाई और 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर उपस्थित सभी मतदाताओं एवं छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था की सकारात्मकता जागरूक मतदाताओं पर निर्भर करती है। मतदाताओं को मतदान से पहले यह अवश्य मूल्यांकन करना चाहिए कि जिस प्रत्याशी को वे वोट देने जा रहे हैं, उसकी कार्यक्षमता और कार्यदक्षता क्या है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों से आए छात्र-छात्राओं ने गीत, नाटक और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से 18 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों को मतदान के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि जब तक लोगों को अपने अधिकारों की सही जानकारी नहीं होगी, तब तक परिवर्तन की सार्थकता संभव नहीं है।

इस अवसर पर 80 वर्ष आयु के दो वरिष्ठ मतदाताओं, दो दिव्यांग मतदाताओं तथा 18 वर्ष पूर्ण कर चुके पांच नए मतदाताओं को जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, नगर मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, उप जिलाधिकारी सदर विक्रम सिंह राघव, जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल सिंह, तहसीलदार सदर, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button