
जसवंतनगर में बोले पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, शंकराचार्य विवाद जल्द होगा खत्म, सरकार में कोई मतभेद नहीं
जसवंतनगर (इटावा): विशाल समाचार
उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने रविवार को इटावा के जसवंतनगर में आयोजित जी रामजी चौपाल कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश की राजनीति, सरकार के भीतर कथित मतभेद, विपक्ष की भूमिका और विकास कार्यों को लेकर अपनी बात रखी।
प्रयागराज में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद से जुड़े विवाद पर मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि यह मामला ज्यादा समय तक नहीं चलेगा और जल्द ही समाप्त हो जाएगा। उन्होंने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के बयान को लेकर सरकार के भीतर खींचतान की खबरों को पूरी तरह निराधार बताया।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि पहले सरकारी योजनाओं के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी विकास दिखाई नहीं देता था, लेकिन नई व्यवस्था के चलते अब गांवों में स्थायी निर्माण और विकास कार्य साफ नजर आ रहे हैं। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और गांवों की तस्वीर बदलेगी।
जयवीर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश में एक नई विरासत और नया मिज़ाज तैयार कर रहा है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मजबूत नेतृत्व का परिणाम है। प्रदेश के हर जिले और हर महानगर में विकास कार्य लगातार आगे बढ़ाए जा रहे हैं।
श्रमिकों और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर बात करते हुए मंत्री ने कहा कि पहले मनरेगा के तहत 100 दिन का रोजगार दिया जाता था, जिसे बढ़ाकर अब 125 दिन कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था के तहत मजदूरों के समय पर वेतन भुगतान की भी सुनिश्चित व्यवस्था की गई है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए जयवीर सिंह ने कहा कि वह पूरी पार्टी को सोशल मीडिया, खासकर ट्विटर के माध्यम से चला रहे हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी के नेता और सरकार के प्रतिनिधि गांव, कस्बों और शहरों में जाकर जमीन पर काम कर रहे हैं। इसी कारण प्रदेश में भाजपा के पक्ष में माहौल बना हुआ है।
उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव के भाजपा मंत्रियों पर दिए गए बयान को भी खारिज करते हुए कहा कि ऐसे बयान व्यक्ति की सोच और मानसिकता को दर्शाते हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री के बीच मतभेद की अटकलों को खारिज करते हुए पर्यटन मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार पूरी एकजुटता के साथ काम कर रही है और इस तरह की बातें केवल भ्रम फैलाने के लिए की जा रही हैं।
आगामी चुनाव को लेकर जयवीर सिंह ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी को वर्ष 2017 जैसा जनादेश फिर से मिलेगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी चाहे जितने भी दावे कर ले, वह सत्ता से बहुत दूर है और उसकी वापसी की कोई संभावना नहीं है।



