
इटावा में 77वें गणतंत्र दिवस पर संविधान के पालन का संकल्प
जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने दिलाई कर्तव्यनिष्ठा की शपथ
इटावा, विशाल समाचार: 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में ध्वजारोहण के बाद आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने कहा कि आज के दिन विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश भारत का संविधान लागू हुआ, जिससे नागरिकों को समान अधिकार और मतदान का अधिकार प्राप्त हुआ।
संविधान के अनुरूप कर्तव्यों के निर्वहन का आह्वान
जिलाधिकारी ने कहा कि हम सभी को संविधान के अनुसार अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना चाहिए और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना चाहिए। देश के लिए बलिदान देने वाले अमर शहीदों को यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
संविधान हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था की रीढ़
उन्होंने कहा कि संविधान केवल कानून नहीं, बल्कि एक ऐसा तंत्र है, जिसका हम सभी हिस्सा हैं। राष्ट्रीय पर्व हमें अपने दायित्वों की याद दिलाते हैं और देश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाने की प्रेरणा देते हैं।
विकास और समग्र उन्नति का संकल्प
अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) अभिनव रंजन श्रीवास्तव ने कहा कि आज़ादी के बाद देश ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है और सरकार की योजनाओं का लाभ पात्रों को बिना भेदभाव के दिया जा रहा है।

कार्यक्रम का संचालन संजय वर्मा ने किया। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, उप जिलाधिकारी न्यायिक राकेश कुमार, उप जिलाधिकारी न्यायिक दीप शिखा सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

