
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने रिजर्व पुलिस लाइन में शुक्रवार परेड की सलामी लेकर किया निरीक्षण
इटावा, विशाल समाचार:
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन इटावा में साप्ताहिक परेड की सलामी ली गई, तत्पश्चात परेड का निरीक्षण किया गया। इस दौरान पुलिस बल को शारीरिक एवं मानसिक रूप से फिट रखने के उद्देश्य से समस्त पुलिसकर्मियों से दौड़ करवाई गई तथा अनुशासन और एकरूपता बनाए रखने के लिए टोलीवार ड्रिल कराई गई।
परेड में पुलिस लाइन में तैनात पुलिस बल सहित विभिन्न कार्यालयों में नियुक्त पुलिसकर्मियों को विभिन्न प्रकार के शारीरिक व्यायाम भी कराए गए। इसके पश्चात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा यूपी-112 पीआरवी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पीआरवी में उपलब्ध दंगा नियंत्रण उपकरण, फर्स्ट एड किट सहित अन्य संसाधनों की जांच कर उनकी नियमित साफ-सफाई, समुचित देखरेख एवं कुशल संचालन के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में आरटीसी कार्यालय, आरटीसी बैरक एवं मेस का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
परेड के उपरांत पुलिस लाइन आदेश कक्ष में विभिन्न रजिस्टरों एवं अभिलेखों की जांच की गई। साथ ही पुलिसकर्मियों का अर्दली रूम कर उनकी समस्याएं सुनी गईं तथा आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। इस अवसर पर अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।


