
इटावा में मीजिल्स-रूबेला उन्मूलन अभियान को लेकर जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित
एम.आर. वैक्सीन 100% सुरक्षित और जरूरी है
रिपोर्ट: विशाल समाचार संवाददाता
स्थान: इटावा, उत्तर प्रदेश
दिनांक: 31 जनवरी 2026
नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत मीजिल्स-रूबेला (एम.आर.) उन्मूलन अभियान को सफल बनाने हेतु जनपद इटावा में गंभीरता से कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 30 जनवरी 2026 को जिला अधिकारी महोदय इटावा की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स कमेटी की बैठक का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार इटावा में सायं 05:30 बजे किया गया।
बैठक में जिला अधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसे पूर्ण गंभीरता के साथ संचालित किया जाए। इस अभियान के अंतर्गत जनपद के समस्त सरकारी एवं निजी स्कूलों/मदरसाें में कक्षा 1 से 5 (5 से 10 वर्ष आयु वर्ग) के सभी बच्चों को एम.आर. वैक्सीन की डोज से आच्छादित किया जाएगा।
एम.आर. अभियान का आयोजन 16 फरवरी 2026 से 27 फरवरी 2026 तक नॉन आर.आई. दिवसों (बुधवार एवं शनिवार को छोड़कर) किया जाएगा। यह अभियान प्रदेश के 45 जनपदों में एक साथ चलाया जा रहा है तथा राज्य स्तर से निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार इसका संचालन किया जाएगा।
समस्त शहरी एवं ग्रामीण ए.एन.एम. को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित सभी स्कूलों/मदरसाें की कार्ययोजना निर्धारित तिथियों में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूलों में टीकाकरण सत्र नॉन आर.आई. दिवसों में आयोजित किए जाएंगे। राज्य स्तर से प्रतिदिन 100 से 125 बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
सभी सत्रों को यू-विन पोर्टल पर एम.आर. कैम्पेन टैब के अंतर्गत नियोजित कर समय से पब्लिश किया जाएगा। अभियान की सफलता सुनिश्चित करने हेतु जनपद स्तरीय अधिकारियों को ब्लॉक एवं शहरी क्षेत्र आवंटित कर प्रशिक्षण, कार्ययोजना एवं सहयोगात्मक पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जनपद, ब्लॉक एवं प्लानिंग यूनिट स्तर पर सायंकालीन समीक्षा बैठकों का आयोजन किया जाएगा।
अभियान की दैनिक रिपोर्टिंग यू-विन पोर्टल एवं एच.एम.आई.एस. पोर्टल पर की जाएगी। इस अभियान में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का विशेष सहयोग लिया जाएगा।
टीकाकरण दिवस पर स्कूलों/मदरसाें में नामांकित लक्षित बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए सत्र से एक दिन पूर्व शिक्षकों के साथ अभिभावक बैठक आयोजित की जाएगी। साथ ही अल्पसंख्यक समुदाय, धर्मगुरुओं, इमामों एवं समाज के संभ्रांत नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा की गई है।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, अपर/उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, समस्त चिकित्सा अधीक्षक (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र), जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, एस.एम.ओ. एन.पी.एस.पी. यूनिट, डी.एम.सी. यूनिसेफ, वी.सी.सी.एम. यू.एन.डी.पी., सी.एस.ओ. गावी एवं जे.एस.आई. उपस्थित रहे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं जिला प्रतिरक्षण अधिकारी इटावा द्वारा आम जनमानस से अपील की गई है कि प्रदेश एवं जनपद में 15 वर्ष तक के बच्चों में खसरे (मीजिल्स) का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है, जिसे देखते हुए शासन के निर्देशानुसार स्कूलों/मदरसाें में अध्ययनरत कक्षा 1 से 5 तक के सभी बच्चों को एम.आर. वैक्सीन अवश्य लगवाएं।



