
22 फरवरी को लगेगा मेगा विधिक सहायता शिविर, तैयारियों की समीक्षा बैठक 7 फरवरी को : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण
रिपोर्ट :विशाल समाचार संवाददाता
स्थान:इटावा, उत्तर प्रदेश
इटावा, 03 फरवरी 2026।
पूर्णकालिक सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आरती द्विवेदी ने जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ एवं माननीय कार्यपालक अध्यक्ष, उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार विभिन्न विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए जनपद इटावा में दिनांक 22 फरवरी 2026 को मेगा / बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।
उन्होंने बताया कि उक्त बृहद विधिक साक्षरता/सेवा शिविर के सफल आयोजन हेतु दिनांक 12 जनवरी 2026 को माननीय जनपद न्यायाधीश महोदय द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। इन्हीं दिशा-निर्देशों के क्रम में शिविर की तैयारियों की समीक्षा हेतु दिनांक 07 फरवरी 2026 को अपरान्ह 04:00 बजे से जनपद न्यायालय, इटावा के सभागार में एक समीक्षा बैठक आयोजित की जा रही है।
यह समीक्षा बैठक माननीय जनपद न्यायाधीश / अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, इटावा की अध्यक्षता में सम्पन्न होगी। बैठक में जनपद के समस्त संबंधित विभागों के विभागाध्यक्षों से अपेक्षा की गई है कि वे शिविर की सफलता हेतु अब तक किए गए प्रयासों की अद्यतन स्थिति, किए गए कार्यों का विवरण एवं लाभार्थियों की सूची के साथ अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करें।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि यह मेगा शिविर आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता, परामर्श एवं सरकारी योजनाओं से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसे सफल बनाने हेतु सभी विभागों का सक्रिय सहयोग आवश्यक है।


