सीतामढ़ीबिहार

जिलाधिकारी की सख्त हिदायत: खाद्यान्न वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं

जिलाधिकारी की सख्त हिदायत: खाद्यान्न वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं

सीतामढ़ी में जिला परिवहन समिति की बैठक में उठाव और वितरण की गहन समीक्षा

रिपोर्ट विशाल समाचार संवाददाता

स्थान: सीतामढ़ी, बिहार

सीतामढ़ी,जिलाधिकारी सीतामढ़ी की अध्यक्षता में आज जिला परिवहन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (राजस्व), जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला प्रबंधक—राज्य खाद्य निगम और राज्य खाद्य निगम से संबद्ध सभी 08 मुख्य (MAIN) एवं 08 उप (DSD) परिवहन अभिकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक में जिलाधिकारी ने खाद्यान्न के उठाव, प्रेषण और वितरण व्यवस्था की गहन समीक्षा की और स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकार द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में खाद्यान्न का उठाव और वितरण पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही या विलंब को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि खाद्यान्न आपूर्ति जनहित से जुड़ा अत्यंत संवेदनशील विषय है। किसी भी पात्र लाभुक को यदि एक दाना भी खाद्यान्न से वंचित किया गया, तो संबंधित परिवहन अभिकर्ता और जिम्मेदार पदाधिकारियों के विरुद्ध कठोर प्रशासनिक और विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम ने बताया कि जनवरी 2026 में सीतामढ़ी जिला खाद्यान्न प्रेषण के मामले में राज्य स्तर पर तीसरे स्थान पर रहा। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने यह जानकारी दी कि जनवरी 2026 तक जिले के सभी पात्र लाभुकों को समय पर 100% खाद्यान्न उपलब्ध कराया गया और कोई भी लाभुक वंचित नहीं हुआ।

बैठक में यह भी बताया गया कि नवम्बर और दिसम्बर 2025 में खाद्यान्न की आपूर्ति FCI द्वारा न किए जाने के कारण उठाव संभव नहीं हो सका था। इसके लिए विभाग ने भारत सरकार से खाद्यान्न उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है, और जैसे ही अवधि विस्तार प्राप्त होगा, शेष खाद्यान्न का उठाव पूरा कर लिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने पुनः निर्देश देते हुए कहा कि खाद्यान्न आपूर्ति और वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने इस व्यवस्था की नियमित निगरानी हेतु अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) की अध्यक्षता में त्रिसदस्यीय समिति के गठन का आदेश भी दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button