
समाहरणालय सीतामढ़ी में अभियोजन की समीक्षा बैठक आयोजित
लंबित वादों के निष्पादन में तेजी लाने के निर्देश
सीतामढ़ी:समाहरणालय सीतामढ़ी के जनसंपर्क प्रशाखा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिलाधिकारी रिची पांडेय की अध्यक्षता में अभियोजन से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित रंजन, विधि शाखा के प्रभारी पदाधिकारी, जिला अभियोजन पदाधिकारी, सहायक लोक अभियोजक, विशेष लोक अभियोजक सहित पुलिस एवं विधि पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अभियोजन पदाधिकारियों को पुलिस पदाधिकारियों के साथ बेहतर सामंजस्य स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए। स्पीडी ट्रायल एवं सामान्य वादों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के निष्पादन की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त की गई। सभी विधि पदाधिकारियों को स्पीडी ट्रायल से संबंधित मामलों के शीघ्र निष्पादन के साथ-साथ सामान्य मामलों में भी प्रगति लाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक वाद में राज्य का पक्ष मजबूती से रखने पर बल देते हुए अधिकाधिक दोषसिद्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। दोषसिद्धि की कम संख्या पर असंतोष व्यक्त करते हुए अभियोजन पदाधिकारियों को अपने कार्यों में सुधार लाने की आवश्यकता बताई गई।
उन्होंने निर्देश दिया कि अंतिम चरण में लंबित मामलों में गवाहों की गवाही समय पर पूर्ण कर विचारण प्रक्रिया तेज की जाए, ताकि न्यायालय द्वारा अभियुक्तों को शीघ्र सजा दिलाई जा सके। जिला लोक अभियोजन पदाधिकारी एवं अपर लोक अभियोजकों को सभी थानाध्यक्षों के साथ मासिक बैठक कर केस डायरी एवं चार्जशीट की गुणवत्ता में सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पोक्सो एक्ट, एससी/एसटी एक्ट, उत्पाद अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट, हत्या, डकैती, बलात्कार एवं शस्त्र अधिनियम से संबंधित गंभीर मामलों को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और समयबद्ध न्याय सुनिश्चित करना हम सभी का दायित्व है।

