अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत एनजीओ से आवेदन आमंत्रित
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा: जिला समाज कल्याण अधिकारी Sandhya Rani Baghel ने बताया कि भारत सरकार की अटल वयो अभ्युदय योजना (AVAY) की उप-योजना वरिष्ठ नागरिकों हेतु राज्य कार्य योजना (SPASrC) के अंतर्गत जनपद स्तर पर गठित वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति द्वारा योजनाओं के संचालन के लिए पात्र संस्थाओं व स्वैच्छिक संगठनों (NGOs/VOs) से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा निर्धारित पात्रता एवं शर्तों के आधार पर संस्थाओं का चयन किया जाएगा। इच्छुक संस्थाओं के पास सोसायटी पंजीकरण अधिनियम 1860 या संबंधित अधिनियम के तहत पंजीकरण, ‘क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट’ के तहत पंजीकृत अस्पताल से एमओयू, राष्ट्रीयकृत बैंक में खाता तथा नीति आयोग के NGO दर्पण पोर्टल पर पंजीकरण होना अनिवार्य है।
इसके अलावा संस्था का पंजीकरण 1 जुलाई 2022 से पूर्व का होना चाहिए तथा पैन कार्ड, जीएसटी पंजीकरण प्रमाण पत्र, पिछले दो वर्षों की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट और पिछले तीन वित्तीय वर्षों (2022-23, 2023-24, 2024-25) के ऑडिटेड लेखा विवरण प्रस्तुत करना आवश्यक होगा। संस्था को मोतियाबिंद सर्जरी के क्षेत्र में कम से कम दो वर्ष का अनुभव तथा पिछले 12 वर्षों में न्यूनतम 250 सफल सर्जरी का प्रमाण भी देना होगा।
सर्जरी का संचालन राष्ट्रीय अंधत्व नियंत्रण कार्यक्रम (NPCB) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप करना अनिवार्य होगा और इसके लिए मुख्य चिकित्साधिकारी से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करना होगा। कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार न होने पर परियोजना राशि पर प्रति सप्ताह 0.5 प्रतिशत (अधिकतम 10 प्रतिशत तक) जुर्माना लगाया जा सकता है तथा संस्था को ब्लैकलिस्ट भी किया जा सकता है।
इच्छुक संस्थाएं अपने प्रस्ताव सभी आवश्यक दस्तावेजों की स्वप्रमाणित प्रतियों के साथ 10 मार्च 2026 को शाम 5 बजे तक जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय, कलेक्ट्रेट इटावा में जमा कर सकती हैं। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी भी इसी कार्यालय से निर्धारित समयावधि में प्राप्त की जा सकती ।
