इटावा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 8 बीएलओ को मिलेगी प्रोत्साहन राशि
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2026 के तहत निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जनपद के 8 बीएलओ को प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। यह जानकारी अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव ने दी।
उन्होंने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार ई-बीएलओ ऐप पर 50 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं की प्रविष्टि करने वाले बीएलओ को प्रोत्साहित करने के लिए यह निर्णय लिया गया है। आयोग स्तर पर चयनित जनपद इटावा के आठ बीएलओ को उनके कार्य के आधार पर अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार दिया जाएगा।
जसवंतनगर विकास खंड के ग्राम बाउथ के बीएलओ योगेन्द्र सिंह को प्रथम स्थान के लिए 10 हजार रुपये, जबकि अधियापुर के बीएलओ सत्य प्रकाश को द्वितीय स्थान के लिए 8 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं महेवा विकास खंड के ग्राम जैतपुर की बीएलओ स्वाती शर्मा को तृतीय स्थान के लिए 6 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे।
इसके अलावा सांत्वना श्रेणी में महेवा के अहेरीपुर के विकास द्विवेदी, जसवंतनगर के मलाजनी के सर्वेश कुमार, धरवार के अनूप सिंह, तिजौरा के हरगोविंद तथा महेवा के निवाड़ी कला के रणवीर सिंह को 3-3 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि आयोग से धनराशि आवंटित हो चुकी है और संबंधित बीएलओ के बैंक खातों में जल्द ही प्रोत्साहन राशि का भुगतान कर दिया जाएगा।



